ताजा खबरें

5/National/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

वृंदावन के गुरुकुलम में बड़ा हादसा: पानी के टैंक में उतरे छात्र, जहरीली गैस से 4 की दर्दनाक मौत; मची चीख-पुकार


वृंदावन के गुरुकुलम में पानी की टंकी साफ करते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से 4 छात्रों की मौत हो गई, जबकि 1 घायल है।

​उत्तर प्रदेश के मथुरा अंतर्गत वृंदावन स्थित पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार रात पानी की टंकी साफ करने के दौरान चार छात्रों की दम घुटने और डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक छात्र को गंभीर हालत में बचा लिया गया। 12 से 14 फीट गहरे टैंक में जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

​एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में घटी घटना

​चैतन्य विहार सेक्टर-2 स्थित गुरुकुलम परिसर में यह हादसा मंगलवार रात करीब 10 बजे पेश आया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के मुताबिक, परिसर के भूमिगत जल टैंक से आ रही दुर्गंध के कारण छात्र उसकी सफाई करने पहुंचे थे। मोटर पंप के जरिए पानी निकालने के बाद तलहटी में बचे पानी को साफ करने सबसे पहले एक छात्र 12 से 14 फीट गहरे टैंक में उतरा। वहां मौजूद विषैली गैस के असर से वह तुरंत अचेत हो गया। उसे बचाने के लिए चार अन्य साथी भी एक के बाद एक नीचे उतरते चले गए और वे सभी बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया।

​मृतकों और उपचाराधीन छात्र की पहचान

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के अनुसार, जान गंवाने वाले छात्रों की उम्र 17 से 20 वर्ष के बीच थी। मृतकों में मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी मनु कटारे (20), विदिशा निवासी देवांश (17), उत्तर प्रदेश के कौशांबी निवासी आर्यन (18) और मेरठ निवासी विशु (18) शामिल हैं। हादसे में जीवित बचे 18 वर्षीय रुद्राक्ष (रुद्र) की हालत फिलहाल स्थिर है और वह बातचीत कर रहा है; बेहतर निगरानी के लिए उसे रेफर किया गया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

​गुरुकुलम प्रबंधन पर सवाल, मजिस्ट्रेट जांच शुरू

​मध्य प्रदेश निवासी आशीष कुमार शर्मा द्वारा संचालित इस गुरुकुलम में करीब 200 छात्र पंजीकृत हैं, जिनमें से लगभग 100 छात्र परिसर में ही रह रहे थे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी। जांच में इस बात की पड़ताल होगी कि संस्थान को आवश्यक मान्यता प्राप्त थी या नहीं और छात्रों को टैंक में किन परिस्थितियों में उतारा गया। इसके साथ ही क्षेत्र के अन्य गुरुकुलमों के भवनों और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ऑडिट भी कराया जाएगा।

​मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

​हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए घायल छात्र को उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराने और आवश्यक राहत कार्य के निर्देश दिए। वहीं पुलिस टीम घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटनाक्रम की सटीक कड़ियों को जोड़ा जा सके। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


​साभार: मीडिया रिपोर्ट्स 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ