थाईलैंड की महिला से शादी कर 60 लाख ठगे, कानपुर में खुला 3 बच्चों के पिता का सच। रकम मांगने पर धर्मांतरण का दबाव, केस दर्ज।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में थाईलैंड की एक महिला के साथ धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर संपर्क में आए कानपुर निवासी इरफान ने थाईलैंड जाकर महिला से शादी की और उससे 60 लाख रुपये ठग लिए। तलाश करते हुए कानपुर पहुंची पीड़िता के सामने खुलासा हुआ कि आरोपी पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों का पिता है। पीड़िता का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, थाईलैंड जाकर रचाई शादी
पीड़िता के अनुसार, उसकी और इरफान की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा तो आरोपी कानपुर से थाईलैंड पहुंचा। वहां उसने महिला को अपने झांसे में लेकर शादी कर ली। पीड़िता उसे अपना पति मानकर भरोसा करती रही, लेकिन आरोपी पिछले दो वर्षों से उसे धोखे में रख रहा था। आरोपी ने महिला से यह झूठ बोला था कि वह अपनी पहली पत्नी को तलाक दे चुका है।
60 लाख रुपये ऐंठकर हुआ फरार, घर पहुंची तो खुला 14 साल का सच
शादी के बाद के दो वर्षों में आरोपी ने पीड़िता से किस्तों में करीब 60 लाख रुपये ऐंठ लिए और इसके बाद गायब हो गया। जब पीड़िता उसे खोजते हुए कानपुर स्थित उसके पते पर पहुंची, तो सच्चाई सामने आने पर उसके होश उड़ गए। वहां पता चला कि इरफान का 14 साल पहले ही विवाह हो चुका है और उसके तीन बच्चे भी हैं। इस खुलासे के बाद महिला को समझ आया कि उसके साथ सुनियोजित तरीके से विश्वासघात हुआ है।
रकम लौटाने के नाम पर धर्म बदलने की शर्त
पीड़िता का कहना है कि जब उसने आरोपी से अपने 60 लाख रुपये वापस लौटाने की मांग की, तो वह टालमटोल करने लगा और उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी सूरत में अपना धर्म नहीं बदलेगी। उसने केवल अपनी मेहनत की रकम वापस मांगी है, ताकि वह अपने वतन लौट सके।
एडीसीपी से लगाई न्याय की गुहार, पुलिस जांच में जुटी
ठगी और दबाव से परेशान होकर थाईलैंड की पीड़िता ने कानपुर में एडीसीपी शिवा सिंह से मिलकर आपबीती सुनाई और न्याय की मांग की। एडीसीपी शिवा सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच कर रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साभार: मीडिया रिपोर्ट्स


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।