केतन अग्रवाल हत्याकांड में माता-पिता ने आरोपियों के लिए फांसी की मांग की। मंगेतर और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप।
बेटे की मौत से टूटा परिवार, माता-पिता ने मांगी फांसी की सजा
पुणे के लोहागढ़ किले में हुए चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में मृतक के माता-पिता का दर्द सामने आया है। परिवार का आरोप है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर साजिश के तहत उसकी हत्या की। मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद माता-पिता ने सरकार से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उनका कहना है कि यदि सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो वह रिश्ता तोड़ सकती थी, लेकिन एक युवा की जान लेना किसी भी स्थिति में सही नहीं ठहराया जा सकता।
पिता ने जताई साजिश की आशंका, पुराने घटनाक्रम पर उठाए सवाल
केतन के पिता ने कहा कि फरवरी में सगाई के बाद परिवार भविष्य की तैयारियों में जुटा हुआ था। उन्होंने दावा किया कि विदेश यात्रा के दौरान केवल केतन का पासपोर्ट चोरी होना अब उन्हें संदिग्ध लग रहा है। उनका मानना है कि यह भी किसी बड़ी योजना का हिस्सा हो सकता है। परिवार का आरोप है कि घटना वाले दिन केतन को योजनाबद्ध तरीके से लोहागढ़ किले तक ले जाया गया, जहां उसके साथ वारदात को अंजाम दिया गया। पिता ने मामले की त्वरित जांच के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस की सराहना करते हुए फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग की है।
बहन के शक से खुला मामला, पुलिस जांच में सामने आई सच्चाई
पुलिस के अनुसार शुरुआती सूचना में इसे हादसा बताया गया था। आरोप था कि केतन पहाड़ी से फिसलकर खाई में गिर गया। हालांकि परिवार को इस कहानी पर भरोसा नहीं हुआ। अंतिम संस्कार के बाद जब केतन की बहन ने सिया से बातचीत की तो उसके बयानों में कई विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के बाद सिया गोयल और चेतन चौधरी को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने अपनी भूमिका स्वीकार की है। अदालत ने दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
केतन की मां ने कहा कि परिवार ने सिया को अपनी बेटी की तरह अपनाया था। वह अक्सर परिवार के साथ समय बिताती थी और किसी को भी उस पर शक नहीं था। मां का कहना है कि इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग करते हुए कहा कि उनके बेटे के साथ विश्वासघात किया गया है और दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जिससे समाज में सख्त संदेश जाए।
साभार: TV9


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।