दिल्ली में सीजेपी के 3 बड़े नेताओं के हिरासत में जाने के बाद अजिंक्य शिंदे संभालेंगे आंदोलन की कमान। जानिए पूरा मामला।
दिल्ली पुलिस द्वारा शनिवार सुबह एयरपोर्ट से कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के तीन प्रमुख नेताओं—अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने के बाद आंदोलन के नेतृत्व को लेकर स्थिति साफ हो गई है। अभिजीत दिपके ने एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो जारी कर यह स्पष्ट किया है कि उनकी अनुपस्थिति में अब अजिंक्य शिंदे इस पूरे आंदोलन की कमान संभालेंगे और संगठन की मुहिम को आगे लेकर जाएंगे।
एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए गए तीनों शीर्ष नेता, वीडियो से मिला जवाब
शनिवार की सुबह राजधानी दिल्ली के एयरपोर्ट पर उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब पुलिस ने सीजेपी के मुख्य चेहरे अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को अपनी हिरासत में ले लिया। शीर्ष नेतृत्व के पकड़े जाने के फौरन बाद यह बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ कि अब विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कौन करेगा।
इस संशय को दूर करते हुए अभिजीत दिपके का एक पहले से रिकॉर्ड किया गया वीडियो सामने आया। वीडियो में उन्होंने कहा:
"हेलो एवरीवन, अगर आप ये वीडियो देख रहे हैं, इसका मतलब मैं, आशु और सौरव हम तीनों अरेस्ट हो चुके हैं, हमारे बाद इस मूवमेंट को अजिंक्य लीड करेगा।"
इसके साथ ही उन्होंने आगे अपील करते हुए कहा:
"आप जितने भी ये वीडियोज़ देख रहे हैं, प्लीज फॉलो अजिंक्य शिंदे, ही विल बी कैरिंग फॉरवर्ड द कॉकरोच जनता पार्टी आफ्टर आशुतोष, मी एंड सौरभ, थैंक यू।"
इस संदेश के सार्वजनिक होते ही यह तय हो गया कि आंदोलन की बागडोर अब अजिंक्य शिंदे के हाथों में होगी।
कौन हैं अजिंक्य शिंदे, जिन्हें मिली संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी?
अभिजीत दिपके के इस ऐलान के बाद अजिंक्य शिंदे अचानक चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। शिंदे इससे पहले भी संगठन का कामकाज संभाल चुके हैं और उन्हें दिपके का बेहद करीबी माना जाता है। संगठन के भीतर उनकी हैसियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शीर्ष तीन नेताओं के बाद उन्हें सीधे आंदोलन की अगुवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चर्चा यह भी है कि वह संगठन में दिपके के बाद दूसरे नंबर की हैसियत रखते हैं।
सोशल मीडिया पर भी उनके बैकग्राउंड को लेकर कई जानकारियां साझा की जा रही हैं:
- पारिवारिक पृष्ठभूमि व शिक्षा: अजिंक्य महाराष्ट्र के तटीय शहर अलीबाग के रहने वाले हैं और उनके माता-पिता किसान हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन किया है।
- कॉरपोरेट से राजनीति का सफर: पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पुणे में एक अंतरराष्ट्रीय आईटी कंपनी में कई सालों तक अच्छे पैकेज पर नौकरी की। बाद में उन्होंने नौकरी छोड़कर पूरा समय राजनीति को देने का फैसला किया।
- पिछला राजनीतिक अनुभव: वह पूर्व में आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़े रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी की महाराष्ट्र इकाई में सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर और युवा आघाड़ी के संयोजक के रूप में काम किया। बताया जा रहा है कि वह अब भी आम आदमी पार्टी के नेताओं के संपर्क में हैं।
शीर्ष तीन नेताओं की गैरमौजूदगी में अब सभी की निगाहें अजिंक्य शिंदे पर टिकी हैं कि वह इस आंदोलन और संगठन को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
वीडियो 'X' से लिया गया है।
साभार: मीडिया रिपोर्ट्स


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।