ताजा खबरें

5/National/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

फर्जी IPS बनकर देता था धमकी, खुद को बताता था IG-SP… महिला की शिकायत पर ऐसे खुली 21 साल के युवक की पोल




लखनऊ में फर्जी IPS बनकर महिला को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार। खुद को IG-SP बताकर केस वापस लेने का बना रहा था दबाव।

लखनऊ: खुद को कभी पटना का आईजी तो कभी प्रयागराज का एसपी सिटी बताकर एक महिला पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाने वाले 21 वर्षीय युवक को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को लगातार फोन कॉल और मैसेज कर धमका रहा था। पुलिस की तकनीकी जांच और सर्विलांस के जरिए उसकी पहचान हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला को फोन कर देता था धमकी

पुलिस के मुताबिक मामला पारा थाने में दर्ज एक मुकदमे से जुड़ा है, जिसकी जांच काकोरी थाना पुलिस कर रही थी। इसी दौरान पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे लगातार कॉल और मैसेज किए जा रहे हैं। कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को कभी बिहार के पटना का आईजी और कभी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का एसपी सिटी बताता था। आरोपी महिला को मुकदमे में समझौता करने के लिए दबाव बना रहा था और ऐसा नहीं करने पर नौकरी से निलंबित कराने समेत गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा था।

सर्विलांस और तकनीकी जांच से पहुंची पुलिस

शिकायत मिलने के बाद काकोरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। सर्विलांस सेल की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी पड़ताल की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान अभिषेक उपाध्याय के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से जौनपुर जिले के मछलीशहर थाना क्षेत्र के कुँवरपुर गांव का निवासी है और फिलहाल लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में रह रहा था।

केस वापस लेने का बना रहा था दबाव

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जानबूझकर खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताकर महिला को डराने और मानसिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था। वह पुलिस अधिकारियों के नाम और पद का गलत इस्तेमाल कर मुकदमे में समझौता कराने तथा केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने इसी तरह किसी अन्य व्यक्ति को भी अपना निशाना बनाया था या नहीं।



क्रेडिट: TV9 Bharatvarsh

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ