Weather forecast update- दिल्ली में बारिश के आसार, देश के इन राज्यों में भी बदल रहा मौसम का मिजाज



Weather Updates Today: पूरे देश में गर्मी की लहर से काफी हद तक राहत मिलती दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कई जगहों पर बारिश के आसार हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था लेकिन पिछले दिनों के मुकाबले कम था। 

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मौसम विभाग ने दिल्ली में दिन के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ धूल और गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। IMD के सीनियर साइंटिस्ट आरके जेनामनी (RK Jenamani) ने कहा कि दिल्ली, हरियाणा पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित भारत के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव का दौर समा​प्त हो गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति जारी रहने की उम्मीद है, लेकिन पिछले दिनों के मकाबले यह कम होगी। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ और राष्ट्रीय राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है जिससे लोगों को राहत मिलेगी। 

दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य से दो डिग्री अधिक है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में राजधानी में पुरवाई हवा चलने से रविवार को पारा गिरकर 40.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में सोमवार रात 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाले एक पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजधानी में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। एक और पश्चिमी विक्षोभ की भविष्यवाणी 4 और 5 मई को की गई है। दिल्ली में कम से कम दो से तीन दिनों तक कोई लू चलने की संभावना नहीं है।’’ दिल्ली में छह मई तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग की मौसम रिपोर्ट में कहा गया है कि हरियाणा के नारनौल में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य हिस्सों और इसके पड़ोसी पंजाब में सोमवार को भीषण गर्मी जारी रही। नारनौल हरियाणा का सबसे गर्म स्थान रहा। हिसार, रोहतक, भिवानी और फतेहाबाद में भी गर्म मौसम की स्थिति बनी रही, इन शहरों में अधिकतम तापमान 43.8, 42.6, 41.6 और 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, अंबाला और कुरुक्षेत्र में चिलचिलाती धूप से कुछ राहत मिली, जहां अधिकतम तापमान समान रूप से 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ