मछलीशहर सीएचसी में एक महीने में 257 प्रसव हुए, जिनमें 43 सिजेरियन शामिल हैं। सर्जन की तैनाती से सुविधा बढ़ी।
सीएचसी में एक माह में हुए 257 प्रसव, 43 सिजेरियन
मछलीशहर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मछलीशहर में सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध होने के बाद प्रसव सेवाओं में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। 21 जुलाई से 20 अगस्त के बीच सीएचसी में कुल 257 प्रसव कराए गए। इनमें 214 सामान्य प्रसव तथा 43 सिजेरियन प्रसव शामिल हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने बताया कि सीएचसी में सर्जन डॉ. शैलेंद्र सिंह और डॉ. अब्दुर रहमान की टीम उपलब्ध है। इसके अलावा डॉ. अर्पित त्रिपाठी और डॉ. अमरेश अग्रहरि भी चिकित्सा कार्य में सहयोग कर रहे हैं। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम के समन्वित प्रयास से प्रसूताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि सीएचसी में बेहतर प्रसव एवं ऑपरेशन की सुविधा मिलने के कारण क्षेत्र के अलावा बरसठी, सिकरारा, मड़ियाहूं, सुजानगंज, बादशाहपुर और प्रतापगढ़ क्षेत्र से भी प्रसूताएं यहां पहुंच रही हैं। इससे पहले सीएचसी में प्रतिमाह करीब 12 से 15 सिजेरियन प्रसव ही हो पाते थे, लेकिन सर्जन की तैनाती के बाद एक माह में 43 सिजेरियन प्रसव कराए गए हैं।
चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराना है। सीएचसी में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के समन्वित प्रयास से प्रसव सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।
रिपोर्ट: इंद्रेश तिवारी/ जौनपुर


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।