गुरुग्राम BJP ऑफिस में सुंदरकांड पढ़ने घुसे कांग्रेसी गिरफ्तार। त्यागी बोले- यह सिर्फ राजनीतिक स्टंट है।
गुरुग्राम: गुरुग्राम के भाजपा जिला कार्यालय 'गुरु कमल' में जबरन घुसकर सुंदरकांड का पाठ करने की कोशिश कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस पूरे घटनाक्रम पर पलटवार करते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस घटना को कांग्रेस की 'ओछी राजनीति' और 'पब्लिसिटी स्टंट' करार देते हुए कहा कि जो पार्टी कभी भगवान श्रीराम और रामसेतु को काल्पनिक बताती थी, वह आज राम के नाम पर सिर्फ राजनीतिक नौटंकी कर रही है।
बिना बताए पहुंचे, पुलिस ने किया गिरफ्तार
सर्वप्रिय त्यागी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला कार्यालय के आसपास पहले से ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई थी। इसके बावजूद कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी की। पुलिस प्रशासन की चेतावनी के बाद भी जब वे नहीं माने, तो नियमानुसार पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा।
"बता कर आते तो करते भव्य स्वागत"
भाजपा जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उन्होंने एक दिन पहले ही सोशल मीडिया के जरिए कहा था कि अगर कांग्रेसी सच में केवल श्रद्धा और आस्था के भाव से सुंदरकांड करना चाहते हैं, तो भाजपा उनका स्वागत करेगी। भाजपा परिवार उनके साथ मिलकर पाठ करता, लेकिन शर्त यह थी कि यह कोई राजनीतिक स्टंट न हो। त्यागी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र भगवान श्रीराम के नाम का इस्तेमाल केवल राजनीतिक लाभ के लिए किया है, जो बेहद निंदनीय है।
"वर्धन यादव अच्छे इंसान, लेकिन पार्टी गलत"
प्रेस वार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव के बारे में सवाल पूछा, तो सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि वर्धन व्यक्तिगत रूप से एक अच्छे व्यक्ति हैं, लेकिन वे गलत पार्टी में हैं। त्यागी ने उम्मीद जताई कि अगर वे सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित को समझेंगे, तो सही दिशा चुनेंगे। इस दौरान प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी, जिला प्रवक्ता रमेश बेनीवाल और नेहा वत्स भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट - आकांक्षा


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।