IMD Weather Update: दिल्ली में उमस भरी गर्मी, UP-बिहार समेत 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट। जानें मौसम का हाल
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के मौसम को लेकर ताजा अलर्ट जारी किया है। एक तरफ जहाँ राजधानी दिल्ली में मौसम ने यू-टर्न ले लिया है और 19 जुलाई तक बारिश न होने से 40 डिग्री सेल्सियस तक की झुलसाने वाली गर्मी सताएगी, वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर समेत 24 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। देश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी आशंका जताई गई है।
दिल्ली में थमी बारिश, सताएगी 40°C वाली गर्मी
दिल्ली वालों को अगले कुछ दिनों तक भीषण उमस और तपिश का सामना करना पड़ेगा। IMD के अनुसार, दिल्ली में बारिश पर फिलहाल ब्रेक लग गया है और 19 जुलाई तक बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। हालांकि, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान जरूर है, लेकिन इससे गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिलेगी।
यूपी, बिहार और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में मानसून पूरी तरह से मेहरबान रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के बीच मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट है। पूर्वोत्तर राज्यों— अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा में पूरे सप्ताह झमाझम और भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
एमपी-राजस्थान समेत दक्षिण भारत का हाल
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दक्षिण भारत की बात करें तो केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बारिश होगी। हालांकि, तटीय आंध्र प्रदेश में 15 जुलाई तक हीटवेव (लू) की स्थिति बनी रह सकती है। खराब मौसम और ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को 18 जुलाई तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।