महाराष्ट्र के वाशिम में पति ने 3 बच्चों के सामने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की। चरित्र पर शक के चलते वारदात।
महाराष्ट्र के वाशिम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक शख्स ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते चलती कार में उसकी हत्या कर दी। सबसे खौफनाक बात यह है कि वारदात के वक्त कार में उनके तीन मासूम बच्चे भी मौजूद थे, जो बेबसी से अपनी मां को तड़पते हुए देखते रहे। हत्या के बाद आरोपी पति कई घंटों तक अपनी पत्नी के शव को लेकर सड़कों पर घूमता रहा और अंत में कारंजा पुलिस स्टेशन जाकर खुद को सरेंडर कर दिया।
चरित्र पर शक ने ली जान
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मूल निवासी सलमान खान के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी हसीन बानो और तीन बच्चों के साथ महाराष्ट्र में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि सलमान अपनी पत्नी के चरित्र पर गहरा शक करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान इसी बात पर दोनों में तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि सलमान ने आपा खो दिया और पहले कार में रखी लोहे की रॉड से पत्नी पर हमला किया, फिर बच्चों के सामने ही उसका गला घोंट दिया।
लाश और सहमे बच्चों के साथ भटकता रहा आरोपी
इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं था। उसने हत्या के बाद गाड़ी नहीं रोकी। वह अपनी पत्नी के खून से लथपथ शव और बुरी तरह डरे-सहमे तीनों बच्चों को कार में बैठाकर वाशिम के कारंजा शहर की सड़कों पर कई घंटों तक बेखौफ घूमता रहा।
थाने पहुंचकर बोला- 'साहब! मैंने पत्नी को मार डाला'
घंटों तक शहर में भटकने के बाद आरोपी खुद गाड़ी चलाकर कारंजा पुलिस स्टेशन पहुंच गया। वाशिम के पुलिस अधीक्षक (SP) निकेश खाटमोडे ने बताया कि सलमान ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से कहा, "साहब! मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, उसकी लाश बाहर कार में है।" पुलिस ने तुरंत बाहर जाकर तलाशी ली और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस बात की सटीक लोकेशन का पता लगाया जा रहा है कि हत्या एक्सप्रेसवे पर किस जगह हुई। वहीं, अपनी आंखों के सामने मां की मौत देखने वाले तीनों बच्चों की काउंसलर की मदद से काउंसलिंग की जा रही है।
साभार: मीडिया रिपोर्ट्स


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।