ताजा खबरें

5/National/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

गाजीपुर में खौफनाक वारदात: बीच सड़क 100 मीटर दौड़ाकर पत्नी का रेता गला, फिर 8 महीने की मासूम को लेकर थाने पहुंचा आरोपी पति


गाजीपुर में पति ने 100 मीटर दौड़ाकर पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और 8 महीने की बच्ची के साथ थाने पहुंच गया। पुलिस जांच जारी है।

​उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादियाबाद इलाके में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी को बीच सड़क पर 100 मीटर तक दौड़ाकर चाकू से गला रेत डाला। इस खौफनाक वारदात में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पति अपनी आठ महीने की मासूम बेटी को गोद में लेकर खुद थाने पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।

छेड़खानी के आरोप से उपजा था विवाद

मृतका की पहचान कस्बा कोईरी गांव निवासी कुसुम प्रजापति के रूप में हुई है, जो शादियाबाद में ब्यूटी पार्लर चलाती थी। वहीं, आरोपी रवि उर्फ हनी गुरैनी गांव का रहने वाला है और ऑर्केस्ट्रा चलाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में एक महिला ने रवि पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। बताया जा रहा है कि कुसुम भी शिकायतकर्ता महिला के साथ थाने गई थी। हालांकि जांच में रवि निर्दोष मिला, लेकिन पुलिस ने शांति भंग की आशंका में उसका चालान कर दिया था। जमानत पर छूटने के बाद घर लौटा रवि इस बात को लेकर बेहद गुस्से में था।

पार्लर से बाहर बुलाया और मौत के घाट उतारा

सोमवार शाम करीब सात बजे रवि हाथ में चाकू लेकर कुसुम के ब्यूटी पार्लर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने कुसुम को बाहर बुलाया और उस पर हमला करने की कोशिश की। अपनी जान बचाने के लिए कुसुम सड़क की तरफ भागी, लेकिन आरोपी ने उसे करीब 100 मीटर तक दौड़ाया और पकड़कर बेरहमी से उसका गला रेत दिया। मौके पर ही कुसुम ने दम तोड़ दिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मुकदमे के बाद 2024 में हुई थी कोर्ट मैरिज

कुसुम की पहली शादी करीब 10 साल पहले आजमगढ़ में हुई थी, लेकिन विवाद के बाद वह अपने पति से अलग होकर शादियाबाद में रहने लगी थी। साल 2023 में उसकी मुलाकात रवि से हुई और दोनों लिव-इन में रहने लगे। जब कुसुम ने शादी का दबाव बनाया और रवि ने इनकार किया, तो महिला ने उसके खिलाफ केस दर्ज करा दिया। बाद में दोनों के बीच समझौता हुआ और 2024 में उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के बाद दोनों एक किराए के मकान में रह रहे थे।

बेटी को लेकर थाने पहुंचा आरोपी, जांच में जुटी पुलिस

सरेआम हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रवि अपनी आठ माह की बेटी को लेकर सीधे शादियाबाद थाने जा पहुंचा। पुलिस ने फौरन उसे हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी (भुड़कुड़ा) रामकृष्ण ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।


साभार: मीडिया रिपोर्ट्स 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ