वाराणसी में युवक ने ‘भगवान को बलि चाहिए’ कहकर डेढ़ महीने की बच्ची को जमीन पर पटका, आरोपी गिरफ्तार।
वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अकथा गांव में पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने डेढ़ महीने की मासूम बच्ची को गोद में लेने के कुछ ही सेकंड बाद जमीन पर पटक दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि “भगवान ने उससे बलि मांगी थी।”
गोद में खिलाने के बहाने लिया और अचानक कर दिया हमला
जानकारी के मुताबिक, अकथा गांव निवासी राजेश वनवासी के घर शनिवार देर रात पड़ोस में रहने वाला विकास यादव पहुंचा था। उस समय परिवार के बुजुर्ग सदस्य की गोद में डेढ़ महीने की बच्ची सो रही थी। परिवार वालों के अनुसार, विकास ने बच्ची को खिलाने और दुलार करने की बात कहते हुए उसे गोद में लेने की इच्छा जताई।
पड़ोसी होने के कारण किसी को उस पर शक नहीं हुआ और बच्ची उसे दे दी गई। आरोप है कि बच्ची को गोद में लेने के कुछ ही पल बाद विकास यादव ने अचानक उसे जमीन पर पटक दिया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले उसने दोबारा बच्ची को जमीन पर पटकने की कोशिश की। घटना देखते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन आरोपी पर टूट पड़े।
परिवार ने आरोपी को पकड़ा, बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल बच्ची को उठाया और इलाज के लिए अस्पताल लेकर भागे। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सारनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
परिवार के लोगों का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि पड़ोस में रहने वाला युवक इस तरह की हरकत कर सकता है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं।
अस्पताल में भर्ती मासूम बच्ची का इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पूछताछ में बोला आरोपी- ‘भगवान ने कहा था बलि चाहिए’
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी विकास यादव ने कथित तौर पर कहा कि उसे ऐसा करने के लिए “भगवान ने कहा था।” आरोपी ने दावा किया कि भगवान को बलि चाहिए थी, इसलिए उसने बच्ची को जमीन पर पटका। उसके इस बयान के बाद पुलिस अब उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच कर रही है।
मामले पर एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में युवक मानसिक रूप से परेशान या अस्थिर लग रहा है, लेकिन मेडिकल जांच और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई और वजह तो नहीं थी। फिलहाल पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और परिवार से भी विस्तृत बयान लिए जा रहे हैं।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।