मछलीशहर तहसील में समाधान चौपाल आयोजित, 200 मरीजों की जांच हुई। लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व राशन कार्ड वितरित किए गए।
इंद्रेश तिवारी की रिपोर्ट
मछली शहर,जौनपुर: प्रदेश सरकार के 12 वर्ष होने के उपलक्ष्य में संचालित "एक दिन, अनेक समाधान आपके द्वार सरकार" अभियान के तहत गुरुवार को तहसील मछलीशहर परिसर में विशेष जनसमस्या समाधान चौपाल का आयोजन किया गया। उप जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर लोगों की समस्याओं का निस्तारण कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग ने खतौनी एवं संशोधन संबंधी मामलों का निस्तारण करते हुए कुल 19 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उमरपुर की एक वृद्ध महिला को उप जिलाधिकारी ने सम्मानपूर्वक कुर्सी पर बैठाकर स्वयं प्रमाण पत्र प्रदान किया, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रशासन की संवेदनशीलता की सराहना की।
खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से आपूर्ति निरीक्षक पद्माकर तिवारी के नेतृत्व में 13 पात्र लाभार्थियों को नए राशन कार्ड वितरित किए गए। विभाग द्वारा 15 अन्य राशन कार्ड भी तैयार किए गए हैं, जिन्हें अनुपस्थित लाभार्थियों को बाद में उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए चिकित्सा शिविर में डॉ. बी.एल. यादव एवं उनकी टीम ने लगभग 200 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। टीम में पंकज यादव, रुचि कुमार, शिवम, शालिनी और अमन पाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
चौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, खतौनी संशोधन तथा अन्य प्रशासनिक सेवाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान कराया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
उप जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन को एक ही छत के नीचे त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राजस्व, स्वास्थ्य, विकास, खाद्य एवं रसद विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।