1 जुलाई 2026 से पासपोर्ट फीस बढ़ेगी। नया पासपोर्ट या रिन्यूअल कराने से पहले जानें नई फीस और ऑनलाइन आवेदन का आसान तरीका।

1 जुलाई से पहले आवेदन करने का मौका, बाद में देनी होगी ज्यादा फीस

अगर आप नया पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट का रिन्यूअल कराने की योजना बना रहे हैं तो यह काम 1 जुलाई 2026 से पहले पूरा करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। केंद्र सरकार ने लगभग 14 साल बाद पासपोर्ट शुल्क में संशोधन किया है। नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी, जिसके बाद अलग-अलग श्रेणियों में पासपोर्ट बनवाने पर पहले की तुलना में अधिक शुल्क देना होगा। ऐसे में जो लोग आवेदन की तैयारी कर रहे हैं, वे अभी ऑनलाइन आवेदन करके बढ़ी हुई फीस से बच सकते हैं।

1 जुलाई से लागू होंगी पासपोर्ट की नई फीस

नई अधिसूचना के अनुसार 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के आवेदकों के लिए 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1500 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये कर दी गई है। इसी श्रेणी में तत्काल सेवा के लिए शुल्क 3500 रुपये से बढ़कर 5000 रुपये होगा।

60 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 2000 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये कर दी गई है, जबकि तत्काल सेवा के लिए अब 4000 रुपये की जगह 6000 रुपये देने होंगे।

यदि पासपोर्ट खो गया है या क्षतिग्रस्त हो गया है और तत्काल श्रेणी में नया पासपोर्ट बनवाना है तो इसके लिए शुल्क 5000 रुपये से बढ़ाकर 7000 रुपये कर दिया गया है।

नाबालिगों के 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1000 रुपये से बढ़कर 1750 रुपये होगी। वहीं तत्काल श्रेणी में यह शुल्क 3000 रुपये से बढ़ाकर 4250 रुपये कर दिया गया है। हालांकि पासपोर्ट की वैधता में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वयस्कों का पासपोर्ट 10 वर्ष तक और नाबालिगों का पासपोर्ट 5 वर्ष या 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो पहले हो, वैध रहेगा।

घर बैठे ऐसे करें ऑनलाइन पासपोर्ट के लिए आवेदन

पासपोर्ट के लिए आवेदन करने के लिए सबसे पहले Passport Seva Portal पर जाएं। यहां "Apply for Passport" विकल्प चुनें और अपनी जरूरत के अनुसार Fresh Passport, Re-issue या Tatkal जैसी श्रेणी का चयन करें।

यदि आपका पहले से अकाउंट बना हुआ है तो लॉग-इन करें, अन्यथा पहले रजिस्ट्रेशन करके नया अकाउंट बनाएं। इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी सही-सही भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें। आवेदन पूरा होने के बाद पासपोर्ट सेवा केंद्र में अपॉइंटमेंट बुक करें और तय तारीख पर दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पहुंचें।

आवेदकों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि पोर्टल पर बनाया गया पासवर्ड समय-समय पर एक्सपायर हो सकता है, इसलिए आवश्यकता पड़ने पर उसे रीसेट करना होगा।