ताजा खबरें

5/recent/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना पड़ेगा महंगा! फीस में बड़ा इजाफा, आवेदन से पहले जान लें नए रेट



1 जुलाई 2026 से पासपोर्ट फीस बढ़ेगी। सामान्य और तत्काल पासपोर्ट के नए शुल्क, छूट और पूरी जानकारी पढ़ें।

1 जुलाई से लागू होंगे नए पासपोर्ट शुल्क

विदेश यात्रा की तैयारी कर रहे लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट नियम, 1980 में संशोधन करते हुए पासपोर्ट और अन्य यात्रा दस्तावेजों की फीस बढ़ा दी है। नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणियों में पासपोर्ट बनवाने की लागत पहले के मुकाबले अधिक हो जाएगी। ऐसे में जो लोग पुराने शुल्क पर पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, उनके पास 30 जून 2026 तक आवेदन करने का मौका है।

सामान्य और तत्काल पासपोर्ट दोनों हुए महंगे

नई दरों के अनुसार 36 पेज वाले नए या री-इश्यू पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 2,500 रुपये और तत्काल सेवा के लिए 5,000 रुपये देना होगा। वहीं 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 3,500 रुपये और तत्काल शुल्क 6,000 रुपये निर्धारित किया गया है।

खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के दोबारा जारी होने पर भी शुल्क बढ़ा दिया गया है। 36 पेज के पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 5,000 रुपये और तत्काल शुल्क 7,500 रुपये होगा। वहीं 60 पेज के पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 6,000 रुपये और तत्काल शुल्क 8,500 रुपये तय किया गया है।

बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी राहत

सरकार ने 8 वर्ष तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को राहत बरकरार रखी है। नए पासपोर्ट आवेदन पर उन्हें 10 प्रतिशत शुल्क छूट मिलती रहेगी। हालांकि यह छूट केवल फ्रेश पासपोर्ट आवेदन पर लागू होगी, री-इश्यू के मामलों में इसका लाभ नहीं मिलेगा।

नाबालिगों के लिए 36 पेज वाले नए या री-इश्यू पासपोर्ट का सामान्य शुल्क 1,750 रुपये और तत्काल शुल्क 4,250 रुपये रखा गया है। वहीं खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के दोबारा जारी होने पर सामान्य शुल्क 4,250 रुपये और तत्काल शुल्क 6,750 रुपये देना होगा।

अन्य दस्तावेजों की फीस भी तय

सरकार ने अन्य पासपोर्ट संबंधित सेवाओं के शुल्क भी निर्धारित किए हैं। सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी के लिए 1,000 रुपये शुल्क रखा गया है। पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC), सरेंडर सर्टिफिकेट, ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम वेरिफिकेशन और अन्य पासपोर्ट आधारित प्रमाणपत्रों के लिए 750 रुपये शुल्क देना होगा।

विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए आवेदन शुल्क अमेरिकी डॉलर में निर्धारित किया गया है। उदाहरण के तौर पर 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए 125 डॉलर और तत्काल सेवा के लिए 250 डॉलर शुल्क देना होगा।

पासपोर्ट की वैधता को लेकर नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों के लिए जारी सामान्य पासपोर्ट की वैधता 10 वर्ष रहेगी। वहीं 18 वर्ष से कम आयु के आवेदकों के लिए पासपोर्ट की वैधता 5 वर्ष या 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो भी पहले हो, लागू रहेगी।

नई फीस लागू होने के बाद पासपोर्ट बनवाने की लागत बढ़ जाएगी। ऐसे में जिन लोगों की पासपोर्ट बनवाने की योजना है, वे 30 जून तक आवेदन करके पुराने शुल्क का लाभ उठा सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ