वाराणसी में नर्सिंग छात्रा की मौत मामले में बड़ा खुलासा, जबरन गर्भपात की दवा खिलाने का आरोप, बॉयफ्रेंड गिरफ्तार।
वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में जीएनएम सेकेंड ईयर की एक नर्सिंग छात्रा की मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार अधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) के कारण छात्रा की मौत हुई। पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा करीब तीन महीने की गर्भवती थी और उसके बॉयफ्रेंड मोहम्मद समीर पर जबरन गर्भपात की दवा खिलाने का आरोप है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रेग्नेंसी को लेकर दोनों के बीच हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन छात्रा सुबह खाना लेकर अपने बॉयफ्रेंड समीर से मिलने उसके हॉस्टल पहुंची थी। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक प्रेग्नेंसी को लेकर बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि छात्रा गर्भ में पल रहे बच्चे को जन्म देना चाहती थी और समीर से शादी करने की बात कह रही थी। वहीं आरोपी गर्भपात कराने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि उसने करियर और सामाजिक बदनामी का हवाला देकर छात्रा को गर्भपात के लिए तैयार किया और उसे दवा खिला दी।
दवा खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुई मौत
पुलिस जांच में सामने आया है कि गर्भपात की दवा लेने के कुछ समय बाद छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तेज दर्द और लगातार ब्लीडिंग होने लगी। हालत गंभीर होने पर आरोपी उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया है। छात्रा की मौत के बाद आरोपी घबराकर अपने घर जौनपुर चला गया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी करा चुका था गर्भपात, पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि करीब सात महीने पहले भी उसने छात्रा को गर्भपात की दवा दी थी। उस समय उसकी तबीयत संभल गई थी, लेकिन इस बार स्थिति गंभीर हो गई और उसकी जान चली गई। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों करीब एक वर्ष से रिलेशनशिप में थे और एक ही कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। छात्रा जीएनएम सेकेंड ईयर की छात्रा थी, जबकि आरोपी थर्ड ईयर का छात्र बताया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।