ताजा खबरें

5/recent/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

16 लाख की घूस, कोर्ट आदेश की अनदेखी और शिक्षक की मौत! 4 महीने से फरार पूर्व BSA शालिनी श्रीवास्तव आखिरकार गिरफ्तार


देवरिया शिक्षक सुसाइड केस में फरार पूर्व BSA शालिनी श्रीवास्तव गिरफ्तार। 16 लाख घूस और प्रताड़ना के गंभीर आरोप।

देवरिया शिक्षक सुसाइड केस में पूर्व BSA गिरफ्तार

देवरिया के चर्चित शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार महीने से फरार चल रही निलंबित पूर्व बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) शालिनी श्रीवास्तव को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। उन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोप है कि हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद शिक्षक की नौकरी बहाल कराने और विभागीय कार्रवाई पूरी करने के नाम पर उनसे भारी रकम की मांग की गई और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली थी।

हाई कोर्ट से राहत मिलने के बाद भी नहीं मिला न्याय

कृष्ण मोहन सिंह की नियुक्ति वर्ष 2016 में देवरिया के एक विद्यालय में शिक्षक के रूप में हुई थी। वर्ष 2022 में एसटीएफ जांच के आधार पर उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था और वेतन भी रोक दिया गया। इसके खिलाफ उन्होंने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की, जहां से उन्हें राहत मिली। आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बाद भी शिक्षा विभाग ने आदेश का पालन नहीं किया और फाइल आगे बढ़ाने के लिए लगातार दबाव बनाया जाता रहा। इसी दौरान शिक्षक को मानसिक तनाव और अपमान का सामना करना पड़ा।

सुसाइड नोट और वीडियो में लगाए गंभीर आरोप

आत्महत्या से पहले कृष्ण मोहन सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी किया था, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस को उनकी जेब से चार पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला था। इन दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। शिक्षक की पत्नी गुड़िया सिंह ने आरोप लगाया कि नौकरी बहाली और विभागीय कार्यवाही के नाम पर 16 लाख रुपये की घूस ली गई, जिसके लिए परिवार को कर्ज लेना पड़ा और गहने तक गिरवी रखने पड़े।

एक आरोपी गिरफ्तार, बाबू संजीव सिंह अब भी फरार

मामले में शिक्षक की पत्नी की शिकायत पर पूर्व BSA शालिनी श्रीवास्तव, लिपिक संजीव सिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब दिल्ली से शालिनी श्रीवास्तव की गिरफ्तारी के बाद जांच को नई दिशा मिली है। हालांकि मामले का दूसरा प्रमुख आरोपी लिपिक संजीव सिंह अभी भी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रहेगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ