समस्तीपुर के पटोरी स्टेशन पर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसीं 3 महिलाएं और बच्ची, 10 डिब्बे गुजरने के बाद बची जान।
पटोरी रेलवे स्टेशन पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन के सामने से रेलवे ट्रैक पार कर रहीं 3 महिलाएं और एक बच्ची अचानक चल पड़ी ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गईं। देखते ही देखते ट्रेन के कई डिब्बे उनके ऊपर से गुजर गए, लेकिन चारों ने पटरी और प्लेटफॉर्म के बीच लेटकर किसी तरह अपनी जान बचा ली। हादसे में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे चमत्कार बता रहे हैं।
शादी से लौटते वक्त हुआ खौफनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक यह घटना बिहार के समस्तीपुर जिले के पटोरी रेलवे स्टेशन की है। बताया जा रहा है कि रोसड़ा निवासी कुछ लोग शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। परिवार के कुल 9 लोग रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इनमें से पांच लोग पहले ही सुरक्षित ट्रैक पार कर चुके थे, लेकिन पीछे चल रही तीन महिलाएं और एक बच्ची ट्रेन के सामने ही फंस गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर ट्रेन पहले से खड़ी थी और लोग उसके आगे से ट्रैक पार कर रहे थे। तभी अचानक ट्रेन चल पड़ी। ट्रेन के अचानक मूव करते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं संभल पातीं उससे पहले ही ट्रेन तेजी से आगे बढ़ने लगी। ऐसे में उन्होंने जान बचाने के लिए तुरंत पटरी और प्लेटफॉर्म के बीच की खाली जगह में लेटने का फैसला किया।
ऊपर से गुजरते रहे डिब्बे, नीचे दबी रहीं महिलाएं
घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। ट्रेन के लगातार कई डिब्बे महिलाओं के ऊपर से गुजरते रहे और प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग चीखते-चिल्लाते रहे। बताया जा रहा है कि करीब 10 डिब्बे गुजरने तक महिलाएं और बच्ची प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच फंसी रहीं।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि महिलाएं खुद को बचाने के लिए प्लेटफॉर्म से चिपकी हुई हैं। आसपास मौजूद लोग भी उन्हें हिलने से मना करते नजर आ रहे हैं। ट्रेन गुजरने के बाद जब चारों को बाहर निकाला गया तो स्टेशन पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि इस दौरान तीन महिलाओं को गंभीर चोटें आईं। बच्ची को मामूली चोटें बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायल महिलाओं की पहचान, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल महिलाओं की पहचान ममता देवी (48), जयमाला देवी (45) और सोनाली कुमारी (20) के रूप में हुई है। तीनों रोसड़ा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही हैं। परिवार की सदस्य सविता देवी ने बताया कि सभी लोग ऑटो से पटोरी स्टेशन के पास पहुंचे थे और वहां से रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
उन्होंने बताया कि अगर महिलाएं समय रहते नीचे नहीं लेटतीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को पहले पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर संतोष कुमार झा ने बताया कि ममता देवी और सोनाली कुमारी को शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। वहीं जयमाला देवी के हाथ और पैर में गंभीर जख्म हैं। उनका सिटी स्कैन और एक्स-रे कराया जा रहा है ताकि अंदरूनी चोटों का पता लगाया जा सके।
वायरल VIDEO देख दहल गए लोग
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग हैरानी जता रहे हैं। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि ट्रेन गुजरने के दौरान महिलाएं प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच दबी हुई हैं। आसपास मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों की चीखें भी सुनाई दे रही हैं।
सोशल मीडिया पर कई लोग इसे ‘दूसरी जिंदगी’ बता रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स रेलवे ट्रैक पार करने की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं।
पुलिस और रेलवे प्रशासन जांच में जुटा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंचा। नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी सदर अस्पताल से मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम को अस्पताल भेजा गया है ताकि घायलों के बयान दर्ज किए जा सकें।
ये भी पढ़े: NEET-UG 2026 Paper Leak: केमिस्ट्री लेक्चरर निकला मास्टरमाइंड!
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि ट्रेन खुलने से पहले यात्रियों को पर्याप्त चेतावनी दी गई थी या नहीं। वहीं रेलवे ट्रैक पार करने की घटना को लेकर भी जांच की जा रही है।
रेलवे ट्रैक पार करना कैसे बना जानलेवा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन के सामने से ट्रैक पार करना बेहद खतरनाक होता है। कई बार प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन अचानक चल पड़ती है और लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिलता। बावजूद इसके बड़ी संख्या में लोग जल्दबाजी में फुटओवर ब्रिज की जगह सीधे ट्रैक पार करते हैं।
पटोरी स्टेशन पर हुआ यह हादसा भी इसी लापरवाही का नतीजा माना जा रहा है। हालांकि इस बार किस्मत अच्छी रही और चारों की जान बच गई, लेकिन कुछ सेकंड की देरी बड़ा हादसा साबित हो सकती थी।
स्टेशन पर मचा रहा हड़कंप
घटना के बाद स्टेशन परिसर में लंबे समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ट्रेन गुजरने तक लोग डरे-सहमे खड़े रहे। कई यात्रियों ने मोबाइल से घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी और महिलाएं सुरक्षित बाहर निकलीं, लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसा भयावह मंजर पहले कभी नहीं देखा था। कुछ लोगों की आंखों में आंसू तक आ गए थे क्योंकि सभी को लग रहा था कि महिलाएं शायद जिंदा नहीं बचेंगी।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।