इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट से मचा हड़कंप, धुआं-आग के बीच इमरजेंसी निकासी, सभी यात्री सुरक्षित
हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लैंडिंग के दौरान एक यात्री का पावर बैंक अचानक फट गया, जिससे केबिन में धुआं भर गया और आग लग गई, हालांकि केबिन क्रू की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पाया गया और इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू करते हुए सभी 198 यात्रियों, दो शिशुओं और छह क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, इस दौरान एक महिला यात्री को हल्की चोट आई लेकिन बड़ा हादसा टल गया
लैंडिंग के दौरान हुआ धमाका, पावर बैंक बना खतरे की वजह
यह खौफनाक घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E-108 में सामने आई, जो हैदराबाद से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी, जैसे ही विमान मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रहा था, तभी सीट 39C पर बैठे यात्री देवांश ने अचानक अपने बैग में रखे पावर बैंक में आग लगने की सूचना दी, देखते ही देखते पावर बैंक में धमाका हुआ और केबिन में धुआं फैलने लगा, इस अप्रत्याशित घटना ने पूरे विमान में बैठे यात्रियों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया, कई यात्री घबरा गए और स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई
केबिन क्रू की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना के तुरंत बाद केबिन क्रू ने बिना समय गंवाए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करते हुए आग पर काबू पाया, हालांकि कुछ देर तक धुआं केबिन में फैलता रहा जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन प्रशिक्षित क्रू मेंबर्स की तेजी और समझदारी ने हालात को बिगड़ने से बचा लिया, एयरलाइन के अनुसार, सुरक्षा मानकों के तहत तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किया गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए
इमरजेंसी स्लाइड से निकाले गए यात्री, एक महिला को लगी चोट
करीब 3:35 बजे इमरजेंसी एग्जिट खोले गए और यात्रियों को इन्फ्लेटेबल स्लाइड के जरिए तेजी से बाहर निकाला गया, इस दौरान हल्की भगदड़ जैसी स्थिति बनी लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, निकासी के दौरान ऋचा नाम की एक महिला यात्री के टखने में हल्की चोट आई, वहीं एयरफोर्स का फायर ब्रिगेड दस्ता भी मौके पर पहुंच गया था, हालांकि आग पहले ही बुझाई जा चुकी थी इसलिए उनकी जरूरत नहीं पड़ी, इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचाया गया और पूरी घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई, साथ ही यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान की गई


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।