राजा रघुवंशी की चिता के पास राज कुशवाह की रोती सूरत वायरल, जो खुद उसकी हत्या की साजिश में शामिल था।
सोनम का प्रेमी निकला ‘ड्रामेबाज नंबर 1’, राजा की चिता पर बना रोता हुआ ‘घायल आशिक’!
मध्य प्रदेश के इंदौर से सामने आया राजा रघुवंशी हत्याकांड अब हर दिन नई परतें खोल रहा है। ताज़ा वीडियो में जो सामने आया, उसने पूरे देश को चौंका दिया है। वीडियो में वह शख्स, जिसने राजा को मौत के घाट उतारने की साजिश रची, वह राजा की चिता पर ‘अंतिम विदाई’ देते हुए नजर आया। नाम है राज कुशवाह। वही राज, जो सोनम रघुवंशी का प्रेमी है और राजा की हत्या का मास्टरमाइंड भी।
अंतिम संस्कार में शामिल हुआ वही शख्स, जिसने राजा को मरवाया
इस वायरल वीडियो में राज कुशवाह को राजा के घर पर देखा जा सकता है, जहां वो राजा के अंतिम संस्कार के वक्त ससुर देवी सिंह को ढांढस बंधाता दिखा। उसके चेहरे पर भावुकता और आंखों में नमी थी, जैसे वो सच में गमगीन हो। लेकिन असलियत ये है कि ये सब सिर्फ ड्रामा था। पुलिस की जांच में साफ हो चुका है कि राजा की हत्या की साजिश राज और सोनम ने मिलकर रची थी।
कैमरे में कैद हुआ ‘हमदर्दी का नकली चेहरा’, पुलिस ने लिया सबूत के तौर पर
राज कुशवाह का यह वीडियो अब पुलिस की जांच में एक मजबूत सबूत बन गया है। जिस दिन राजा का अंतिम संस्कार हो रहा था, उसी दिन राज वहां मौजूद था। उसने खुद को बेहद करीबी बताकर पूरे परिवार को सहानुभूति का दिखावा किया। लेकिन हकीकत यह है कि वो उसी हत्या का साजिशकर्ता था। वीडियो को फॉरेंसिक टीम ने जांच में शामिल कर लिया है।
कैसे रची गई साजिश, शिलॉन्ग में हुई क्रूर हत्या
पुलिस के अनुसार, सोनम और राज ने तीन कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को हायर किया। हनीमून के बहाने सोनम राजा को शिलॉन्ग ले गई, जहां सुनसान इलाके में उसकी हत्या कर दी गई। राजा की लाश 23 मई को जंगल से बरामद हुई। हत्या के बाद आरोपी इतनी चालाकी से पेश आए कि किसी को शक तक नहीं हुआ। हत्या के बाद भी राज इंदौर लौटा और शोक मनाते हुए खुद को मासूम जताता रहा।
राज कुशवाह का परिवार बोला- हमें यकीन नहीं हो रहा
जब राज की साजिश का सच सामने आया, तब उसके परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसी भी हैरान हैं और कह रहे हैं कि वो ऐसा कभी नहीं सोच सकते थे। राज का परिवार मूल रूप से फतेहपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, लेकिन पिछले दस साल से इंदौर में किराए पर रह रहा है। उसके पिता की मृत्यु कोरोना के दौरान 2020 में हुई थी और राज सिर्फ 15-20 हजार रुपये महीने कमाता था।
सोनम ने रची थी साजिश, पति को मारकर प्रेमी संग बनाना था नया जीवन
राजा और सोनम की शादी के बाद दोनों हनीमून पर मेघालय के शिलॉन्ग गए थे। यह हनीमून नहीं बल्कि एक साजिश थी। सोनम का प्लान साफ था—पति को खत्म कर प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करना। उसने अपने प्रेमी राज के साथ मिलकर राजा की हत्या की योजना बनाई और किलर्स तक को हायर किया। सोनम को अब यूपी के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
‘जिसकी चिता पर खड़ा था, उसी का हत्यारा था राज’
जो वीडियो सामने आया, उसमें सबसे दिल दहला देने वाला दृश्य यही था कि जिस राजा की चिता पर राज खड़ा होकर शोक मना रहा था, असल में उसी का वो हत्यारा था। उसने न सिर्फ राजा को मारा, बल्कि उसके परिवार को भी झूठे भरोसे में रखा। ये वीडियो न केवल इस केस की एक नई परत खोलता है, बल्कि भारतीय समाज में रिश्तों के गिरते मूल्यों पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।
0 टिप्पणियाँ