भारत की बहू हूं, मुझे यहीं रहने दीजिए...! पाकिस्तान वापसी पर सीमा हैदर की मोदी-योगी से गुहार, वीडियो वायरल


Seema Haider ने मोदी और योगी से लगाई गुहार- 'मैं भारत की बहू हूं, वापस पाकिस्तान न भेजिए', वीडियो ने मचाई सनसनी।

भारत की बहू हूं, आपकी अमानत हूं…, ये शब्द हैं सीमा हैदर के, जो एक बार फिर से सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। केंद्र सरकार के आदेश के बाद जब भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को वापसी के निर्देश मिले, तो सीमा हैदर ने एक भावुक वीडियो जारी कर पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बड़ी अपील कर दी।

Seema Haider On Pakistan Return Video: सीमा ने अपने वीडियो संदेश में साफ कहा कि वह अब पाकिस्तान नहीं लौटना चाहतीं। वह अब भारत की बहू हैं और हिंदू धर्म अपना चुकी हैं। शुक्रवार शाम अपने इंस्टाग्राम हैंडल से पोस्ट किए गए इस वीडियो में सीमा ने हाथ जोड़कर गुहार लगाई- "मैं मोदी जी और योगी जी से विनती करती हूं कि मुझे भारत में रहने दिया जाए। मैं आपकी अमानत हूं।"

सीमा हैदर की करुण पुकार- "पाकिस्तान की बेटी से भारत की बहू बनी हूं"

पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार ने सख्त फैसला लिया है कि सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ना होगा। ऐसे में सबसे ज्यादा नजरें सीमा हैदर पर टिक गई थीं। जवाब में सीमा ने अपना दर्द एक वीडियो के जरिए बयां किया। वीडियो में एक शख्स पूछता है- क्या पाकिस्तान वापस जाना चाहती हो? सीमा तुरंत कहती हैं- "नहीं सर, मैं नहीं जाना चाहती।"
जब उनसे मोदी जी के लिए कोई संदेश देने को कहा गया तो भावुक सीमा कहती हैं- "मैं उनकी अमानत हूं।"

नेपाल के रास्ते भारत पहुंची थी सीमा, सचिन मीणा से की शादी

सीमा हैदर मई 2023 में अपने चार बच्चों के साथ पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत आई थीं। यहां आकर वह उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के रबूपुरा गांव में रहने लगीं। सीमा का दावा है कि उन्होंने सचिन मीणा से शादी कर ली है और हिंदू धर्म भी अपना लिया है।
अभी हाल ही में 18 मार्च 2025 को सीमा ने एक बच्ची को जन्म भी दिया है। इससे पहले जुलाई 2023 में पुलिस ने दोनों को पकड़ा था, लेकिन फिलहाल दोनों जमानत पर बाहर हैं।

ऑनलाइन गेमिंग से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

Seema और Sachin की प्रेम कहानी भी काफी फिल्मी है। दोनों 2019 में एक ऑनलाइन गेम (PUBG) खेलते हुए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। फिर दोस्ती प्यार में बदली और सीमा ने अपने देश को छोड़कर भारत आने का जोखिम उठा लिया।
भारत में प्रवेश के बाद सीमा को अवैध प्रवासी होने के चलते गिरफ्तार किया गया था। वहीं, सचिन मीणा पर अवैध रूप से विदेशी नागरिक को पनाह देने का केस चला था। दोनों का मामला आज भी कोर्ट में लंबित है।

पाकिस्तान में आज भी इंतजार कर रहा है पहला पति

सीमा के पहले पति गुलाम हैदर पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जैकोबाबाद में रहते हैं। गुलाम हैदर ने अपने बच्चों को वापस पाने के लिए भारतीय वकील की मदद ली थी और भारतीय अदालत में याचिका भी दायर की थी। लेकिन सीमा हैदर ने साफ कर दिया है कि वह अब अपने अतीत में लौटना नहीं चाहतीं।

'भारत मेरी कर्मभूमि, सचिन मेरा परिवार'

वीडियो संदेश में सीमा ने कहा कि भारत में आकर उन्होंने नया जीवन शुरू किया है। अब वह भारत को ही अपना घर मानती हैं। सीमा का कहना है- "मेरे बच्चे अब भारतीय संस्कृति में पल-बढ़ रहे हैं। सचिन मेरा पति है और यह देश मेरी कर्मभूमि है।"
इसी भावनात्मक अपील ने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया है। सीमा का वीडियो वायरल हो चुका है और हजारों लोग उनके समर्थन में आवाज उठा रहे हैं।



केंद्र सरकार के फैसले से मचा हड़कंप

पहलगाम हमले के बाद केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए भारत में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने का आदेश जारी किया है। इसके तहत मेडिकल वीजा धारकों को 29 अप्रैल तक और अन्य वीजाधारकों को 27 अप्रैल 2025 तक देश छोड़ने का समय दिया गया है।
इस आदेश के बाद यह सवाल भी उठने लगे थे कि सीमा हैदर पर क्या असर पड़ेगा। लेकिन सीमा के वकील का दावा है कि उसका केस अलग है और वह भारत में रहने के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ