Supertech Twin Tower Demolition: देखना चाहता था बच्चा, इच्छा पूरी करने को 200 KM सफर कर नोएडा पहुंचा परिवार



नोएडा में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सुपरटेक के अवैध ट्विन टावर रविवार को गिरा दिए गए। 3700 किलोग्राम विस्फोटक के जरिए महज चंद सेकेंड में गगनचुंबी विशाल इमारतें ताश के पत्तों की तरह भरभरा कर गिर गईं।

रियाज (49) और उनकी पत्नी सुपरटेक ट्विन टावरों के ऐतिहासिक विध्वंस को लाइव देखने की अपने पांच वर्षीय पोते की इच्छा को पूरा करने के लिए रविवार को गर्मी में आगरा से 200 किमी की यात्रा कर नोएडा पहुंचे थे।

उनके पोते ने फेसबुक पर विध्वंस के बारे में एक वीडियो देखा और तब से अपने परिवार पर दबाव बना रहा था कि वो रविवार दोपहर 2.30 बजे होने वाले लगभग 100 मीटर ऊंची इमारतों के विध्वंस को देखने के लिए उसे ले जाएं।

रियाज उन कई अन्य लोगों में शामिल थे, जो क्षेत्र में आम नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बावजूद इन इमारतों के विध्वंस को देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से नोएडा पहुंचे हैं।

रियाज और उसका परिवार रविवार की सुबह आगरा से चला था, लेकिन नोएडा में प्रवेश करने के बाद पुलिस ने उन्हें ट्विन टावरों के पास के क्षेत्र में पहुंचने से रोक दिया क्योंकि वहां आम नागरिकों को जाने की अनुमति नहीं है।

रियाज ने कहा कि हम अपने पोते अकरम को ना नहीं कह सकते। वह हमारे घर में सबसे छोटा और सबसे लाड़ला बच्चा है। हम उसकी सभी इच्छाओं को पूरा करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि वे अपने सबसे छोटे बेटे के साथ रहेंगे जो दिल्ली में काम करता है। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद परिवार ने कहा कि वे कुछ समय बाद वापस आएंगे।

रियाज की पत्नी रुखसाना ने कहा कि शायद बाद में आने दें। थोड़ी देर बाद फिर आएंगे हम। यह पूछे जाने पर कि वो इतनी दूर से यहां क्यों आए? रियाज ने कहा कि यह इतनी बड़ी और एक ऐतिहासिक घटना है। यह हमारे पोते की इच्छा थी और हम खुद भी इसे देखना चाहते थे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ