दिल्ली: नवीन कुमार जिंदल पर भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट करने पर भाजपा का एक्शन, पार्टी से निकाला, नूपुर शर्मा भी सस्पेंड



भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल (Naveen Kumar Jindal) को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भाजपा ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणियों ने सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का काम किया। 

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता की ओर से जिंदल को भेजे गए एक पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर उनके विचार सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ते हैं और पार्टी की मूलभूत मान्यताओं का उल्लंघन करते हैं। गुप्ता ने कहा कि उन्होंने पार्टी की नीतियों और विचारधारा के खिलाफ काम किया है। गुप्ता ने कहा कि आपकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल समाप्त की जाती है और आपको पार्टी से निष्कासित किया जाता है।

इसके साथ ही भाजपा ने आज अपनी राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए कथित विवादित बयान के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। नूपुर शर्मा के बयान का मुस्लिम समुदाय ने भारी विरोध किया था। भाजपा ने अपनी एक प्रवक्ता द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए कथित विवादित बयान से मचे बवाल को शांत करने के प्रयासों के तहत रविवार को कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करती है और किसी भी धर्म के पूजनीय लोगों का अपमान स्वीकार नहीं करती।

नूपुर शर्मा के बयान से उपजे विवाद के बीच भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान जारी कर कहा कि उनकी पार्टी को ऐसा कोई भी विचार स्वीकार्य नहीं है, जो किसी भी धर्म या संप्रदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाए। भाजपा की अनुशासनात्मक समिति की ओर से जारी एक पत्र में कहा गया है कि नूपुर शर्मा ने विभिन्न मुद्दों पर पार्टी की राय के विपरीत जाकर विचार प्रस्तुत किए हैं, जो कि इसके संविधान का स्पष्ट उल्लंघन है। पत्र में कहा गया है कि आगे की जांच तक आपको पार्टी से तथा पार्टी की जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाता है।  

अरुण सिंह ने कहा कि भारत के हजारों वर्षों के इतिहास में हर धर्म फला-फूला है। भारतीय जनता पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है। भाजपा किसी भी धर्म के किसी भी धार्मिक व्यक्ति के अपमान की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद के किसी भी धर्म का पालन करने और हर धर्म का आदर और सम्मान करने का अधिकार देता है।

भाजपा नेता ने कहा कि जैसा कि भारत अपनी स्वतंत्रता के 75वें वर्ष का जश्न मना रहा है, हम भारत को एक महान देश बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जहां सभी समान हैं और हर कोई सम्मान के साथ रहता है, जहां सभी भारत की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध हैं, जहां सभी विकास और विकास के फल का आनंद लेते हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ