शिवा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे के लखनऊ में छिपे होने की खबर है। पुलिस की 8 टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड को 9 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर है। बहराइच से लेकर नेपाल तक खाक छानने के बाद पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा है। इसी बीच एक बड़ा खुफिया इनपुट मिला है कि 25 हजार रुपये की इनामी श्रद्धा राजधानी लखनऊ में ही मौजूद है। उसने कोर्ट में सरेंडर की अर्जी भी लगा दी है और किसी भी वक्त पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर सकती है।
पुलिस से एक कदम आगे चल रही आरोपी
शिवा हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की 8 अलग-अलग टीमें लखनऊ से रायबरेली और बहराइच से नेपाल तक लगातार दबिश दे रही हैं। इन सबके बावजूद श्रद्धा पुलिस से लगातार बच रही है और सर्विलांस टीमें भी उसकी सही लोकेशन का पता लगाने में नाकाम रही हैं। हालांकि, ताजा इनपुट के आधार पर पुलिस सूत्रों का दावा है कि श्रद्धा पिछले कई घंटों से लखनऊ में ही है। इस भनक के बाद लखनऊ पुलिस अलर्ट हो गई है और उसके करीबियों के संपर्क खंगालने में जुट गई है।
एसटीएफ ने ड्राइवर के घर मारा छापा
नए इनपुट के बाद यूपी एसटीएफ की टीम श्रद्धा के ड्राइवर दानिश के घर पहुंची है। इससे पहले भी एसटीएफ और स्थानीय पुलिस दानिश के घर कई बार छापेमारी कर चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा ने शुक्रवार को ही अपने वकील के माध्यम से लखनऊ कोर्ट में सरेंडर की अर्जी दाखिल कर दी थी। इस खबर के सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और लखनऊ में उसकी लोकेशन मिलने की चर्चाओं के बीच हलचल तेज हो गई।
हजरतगंज थाने या डीसीपी ऑफिस में कर सकती है सरेंडर
अर्जी लगाने के बावजूद श्रद्धा अभी तक कोर्ट में पेश नहीं हुई है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वह लखनऊ पुलिस के सामने, विशेषकर डीसीपी सेंट्रल के दफ्तर या हजरतगंज थाने में जाकर सरेंडर कर सकती है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि सरेंडर के वक्त उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश भी उसके साथ मौजूद रह सकते हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक इसकी कोई पुष्टि नहीं की है।
तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
शिवा शर्मा की हत्या के मामले में फरार चल रही श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। लखनऊ कोर्ट ने तीनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया था। इसके बाद श्रद्धा की लोकेशन दिल्ली में भी मिली थी, लेकिन पुलिस उसे ट्रेस नहीं कर सकी। सूत्रों की मानें तो पुलिस को कुछ अहम दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिसके आधार पर दावा किया जा रहा है कि श्रद्धा इस मामले में सरकारी गवाह बन सकती है।
साभार: मीडिया रिपोर्ट्स


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।