वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम श्रीहित राधा केली कुंज में 25 वर्षीय साधु रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध मौत का मामला अब इलाहाबाद हाई कोर्ट पहुंच गया है। हाई कोर्ट के वकील प्रहलाद कृष्ण शुक्ला ने मुख्य न्यायाधीश को लेटर पिटिशन भेजकर कोर्ट की निगरानी में SIT जांच या मजिस्ट्रियल जांच की मांग की है।
प्रेमानंद आश्रम में शिष्य की मौत से उठा सवाल
मथुरा के वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम श्रीहित राधा केली कुंज में 25 वर्षीय साधु रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मध्य प्रदेश के रहने वाले दीपक लोधी की मौत आश्रम की चौथी मंजिल से कूदने के बाद हुई। घटना के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। इसके बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी।
इलाहाबाद हाई कोर्ट के वकील ने भेजी लेटर पिटिशन
मामले को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट के वकील प्रहलाद कृष्ण शुक्ला ने मुख्य न्यायाधीश को लेटर पिटिशन भेजी है। इसमें उन्होंने पूरे मामले की जांच हाई कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की है।
वकील ने जांच के लिए विशेष जांच टीम यानी SIT के गठन की मांग करते हुए कहा कि मामला देश के हजारों-लाखों श्रद्धालुओं से जुड़ा है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कोर्ट की निगरानी में SIT जांच की मांग
लेटर पिटिशन में मामले की निष्पक्ष जांच के लिए हाई कोर्ट की सीधी निगरानी में विशेष जांच टीम गठित करने की मांग की गई है। इसके अलावा मजिस्ट्रियल जांच का विकल्प भी रखा गया है।
वकील ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और जांच से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक निर्देश देने की भी मांग की है।
पुलिस आश्रम में कर रही छानबीन
घटना के बाद मथुरा पुलिस प्रेमानंद महाराज के सभी आश्रमों में छानबीन कर रही है। पुलिस की ओर से घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ शिष्यों से पूछताछ भी की जा रही है।
वहीं, मृत शिष्य रसिक दुलारी शरण के परिजन आश्रम की व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और विरोध कर रहे हैं।
आश्रम से बच्चों के गायब होने का मामला भी उठा
इसी बीच आश्रम से कुछ बच्चों के गायब होने का मामला भी सामने आया है, जिसके बाद यह मुद्दा भी तूल पकड़ने लगा है। वकील प्रहलाद कृष्ण शुक्ला ने पूरे घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताया है।
ट्रस्ट के आधिकारिक बयान पर भी उठाया सवाल
प्रहलाद कृष्ण शुक्ला ने अपनी लेटर पिटिशन में इस बात पर भी चिंता जताई है कि घटना के बाद श्रीहित राधा केली कुंज ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि घटना से संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों को सामने लाया जा सके।
साभार: मीडिया रिपोर्ट्स


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।