ताजा खबरें

5/National/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

सावधान! बिस्कुट में पशुओं का चारा और दूध में मिला डिटर्जेंट, FSSAI के रडार पर प्रियागोल्ड समेत 3 बड़ी कंपनियां


प्रियागोल्ड बिस्कुट में पशु चारा और डोडला डेयरी के दूध में मिला डिटर्जेंट। FSSAI ने तीन बड़ी कंपनियों पर कानूनी कार्रवाई शुरू की।

​भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाने-पीने की चीजों में मिलावट करने वाली तीन बड़ी कंपनियों पर सख्त कार्रवाई की है। सूर्या फूड एंड एग्रो (प्रियागोल्ड) पर बिस्कुट में पशुओं का चारा मिलाने का आरोप है, जिसके बाद उसका लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, डोडला डेयरी के दूध में डिटर्जेंट और UEIR ऑर्गेनिक फूड्स की किशमिश में कीटनाशक पाए गए हैं। इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

​उपभोक्ता की शिकायत से खुला प्रियागोल्ड का राज

​FSSAI को एक ग्राहक से शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर 'सूर्या फूड एंड एग्रो' के प्लांट का निरीक्षण किया गया। जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया कि प्रियागोल्ड बिस्कुट बनाने के लिए उस चोकर (bran) का इस्तेमाल हो रहा था, जो केवल जानवरों के खाने के लिए होता है। प्लांट में रखे बोरों पर भी स्पष्ट रूप से 'पशुओं के चारे' का जिक्र किया गया था। यह सामग्री इंसानों के खाने योग्य बिल्कुल नहीं थी।

​साफ-सफाई में घोर लापरवाही, लाइसेंस हुआ सस्पेंड

​चारे के इस्तेमाल के अलावा कंपनी के प्लांट में साफ-सफाई और रखरखाव की भारी कमी मिली। कच्चे माल के भंडारण, कर्मचारियों की स्वच्छता और कीट नियंत्रण (pest control) के मामले में भी नियमों की अनदेखी की जा रही थी। साथ ही उत्पादन के बीच के चरणों में भी भारी लापरवाही देखने को मिली। इन गंभीर खामियों को देखते हुए खाद्य नियामक ने सूर्या फूड एंड एग्रो का लाइसेंस निलंबित कर दिया है और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

​डोडला डेयरी के फुल क्रीम दूध में मिला कॉस्टिक सोडा

​बिस्कुट के अलावा दूध की गुणवत्ता को लेकर भी बड़ा खुलासा हुआ है। डोडला डेयरी का 'फुल क्रीम दूध' जांच में घटिया (substandard) पाया गया है। खाद्य विश्लेषक की शुरुआती जांच में दूध में फैट की मात्रा तय मानकों से कम मिली। कंपनी की अपील पर जब सैंपल को 'रेफरल फूड लेबोरेटरी' भेजा गया, तो रिपोर्ट और भी गंभीर आई। लैब ने पुष्टि की कि दूध में कॉस्टिक सोडा और डिटर्जेंट मौजूद है, जो इसे सेहत के लिए असुरक्षित बनाता है। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने कंपनी और जुड़े FBOs पर FSS एक्ट, 2006 के तहत कानूनी एक्शन की मंजूरी दे दी है।

​पीली किशमिश में पाए गए कीटनाशक

​इन दो बड़े मामलों के साथ ही, खाद्य नियामक ने 'UEIR ऑर्गेनिक फूड्स' पर भी शिकंजा कसा है। शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए FSSAI ने बताया कि इस कंपनी द्वारा बेची जा रही पीली किशमिश के सैंपल में कीटनाशकों (pesticide residues) के अंश पाए गए हैं। खाद्य सुरक्षा मानकों के इस गंभीर उल्लंघन को संज्ञान में लेते हुए नियामक ने इस कंपनी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


​साभार: मीडिया रिपोर्ट्स 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ