मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड में आज फैसला आएगा। नीले ड्रम में शव छिपाने के मामले में आरोपी मुस्कान और साहिल की पेशी होगी।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए सनसनीखेज सौरभ राजपूत हत्याकांड में आज, 30 सितंबर को जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा अपना फैसला सुनाएंगे। करीब छह महीने से अधिक चली सुनवाई, 126 तारीखों और 22 से ज्यादा गवाहों के बयानों के बाद आरोपी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल की किस्मत तय होगी। सौरभ की हत्या कर शव को घर के भीतर ही नीले ड्रम में सीमेंट भरकर छिपाने का यह मामला देशभर में सुर्खियों में रहा था।
126 तारीखें और 22 गवाह: अदालत में पूरी हुई सुनवाई
सौरभ हत्याकांड का मामला 17 मार्च 2025 को अदालत पहुंचा था, जिसके बाद 19 मार्च को आरोपी मुस्कान और साहिल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जुलाई 2025 में इस केस का ट्रायल जिला जज की अदालत में शुरू हुआ। अभियोजन और बचाव पक्ष के बीच लंबी कानूनी बहस चली। अभियोजन पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता डीजीसी फौजदारी केके चौबे के अनुसार, सभी संबंधित गवाहों के बयान दर्ज कराए जा चुके हैं और अभियोजन ने दोषियों को सख्त सजा देने की मांग अदालत से की है।
कत्ल की पूर्व साजिश: बालू, सीमेंट और औजारों की खरीद
पुलिसिया जांच के मुताबिक, सौरभ की हत्या अचानक नहीं बल्कि पूरी योजना के तहत की गई थी। इसके लिए उस्तरा, चाकू, बड़ा नीला ड्रम, बालू और सीमेंट पहले ही जुटाए गए थे। शारदा रोड पर बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चलाने वाले आशू ने अदालत में गवाही दी कि एक युवक और युवती ई-रिक्शा से उसकी दुकान पर पहुंचे थे और उन्होंने एक बोरी बालू व दो बोरी सीमेंट खरीदा था। दुकानदार के पास इस बिक्री का रिकॉर्ड भी मौजूद था, जिसे अभियोजन ने साक्ष्य के रूप में पेश किया।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने कोर्ट में दर्ज कराए बयान
सौरभ के भाई बबलू राजपूत ने अदालत में बताया कि भाई से संपर्क टूटने के बाद 17 मार्च को घर के अंदर शव मिलने की जानकारी मिली थी। बबलू ने मुस्कान और साहिल पर हत्या का सीधा आरोप लगाया। वहीं, मृतक की मां रेणू राजपूत ने अदालत को बताया कि सौरभ ने परिवार की मर्जी के खिलाफ मुस्कान से शादी की थी और दोनों के संबंध सामान्य नहीं थे। मां के मुताबिक, मुस्कान शादी से पहले से साहिल के संपर्क में थी और सौरभ के विदेश रहने के दौरान भी दोनों बातचीत करते थे। सौरभ के विरोध के बाद भी यह संपर्क जारी रहा।
इसके अतिरिक्त, ब्रह्मपुरी निवासी सौरभ के एक दोस्त ने गवाही दी कि उसने 3 मार्च की रात साहिल को सौरभ के घर की तरफ जाते देखा था, जिस वक्त घर पर सौरभ और मुस्कान मौजूद थे।
डॉक्टर की गवाही और नशीली दवा का पहलू
मामले में डॉक्टर अरविंद ने अदालत में अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुस्कान तबीयत खराब होने और सिरदर्द-बुखार की शिकायत लेकर आई थी, जिस पर उन्होंने सामान्य दवाएं लिखी थीं। डॉक्टर ने अदालत में साफ किया कि उन्होंने मुस्कान को 'मिजोलम' जैसी कोई नशीली दवा नहीं लिखी थी।
ड्रम काटकर निकाले गए थे तीन टुकड़े, सीमेंट में दबा था शव
शव बरामदगी की प्रक्रिया से जुड़े गवाहों ने अदालत में खौफनाक मंजर की जानकारी दी। ड्रम काटने वाले कर्मचारी अशोक ने बताया कि ब्रह्मपुरी पुलिस उसे मेडिकल अस्पताल की मोर्चरी ले गई थी। ड्रम का ढक्कन पूरी तरह जाम होने के कारण उसे लंबाई में काटना पड़ा। अंदर जम चुके सीमेंट के बीच से तकिए के दो खोल, चाकू, उस्तरा और शव के अवशेष बरामद हुए।
पंचनामा करने वाले दरोगा धर्मेंद्र गौड़ ने गवाही दी कि प्लास्टिक के नीले ड्रम से सौरभ का शव तीन हिस्सों में बरामद किया गया था और सीमेंट में दबे रहने के कारण उसके रंग में बदलाव आ चुका था। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर के अनुसार, सिर और हाथ समेत शरीर के अंगों पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। साथ ही, शरीर में किसी ऐसे पदार्थ के अंश भी मिले, जो मौत से पहले खाने के जरिए अंदर पहुंचा था।
कत्ल के बाद शिमला तक का सफर
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों के भागने से जुड़े सबूत भी अदालत में रखे गए। कैब ड्राइवर अजब सिंह ने बयान दिया कि उसने दोनों को अपनी गाड़ी से घुमाया था और सफर में दोनों ने शराब भी पी थी। ड्राइवर को इस घटना का पता 19 मार्च को अखबार में दोनों की तस्वीरें छपने के बाद चला। वहीं, शिमला के होटल 'लॉर्ड्स ग्रे' के मैनेजर देवेंद्र ने गवाही दी कि मुस्कान और साहिल उनके यहां खुद को पति-पत्नी बताकर ठहरे थे और पहचान पत्र के तौर पर आधार कार्ड जमा कराया था।
साभार: मीडिया रिपोर्ट्स


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।