ताजा खबरें

5/National/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

मंडला में बड़ा हादसा: गणेश पंडाल पर गिरा हाई-वोल्टेज बिजली तार, 4 युवकों की मौके पर मौत; 3 की हालत गंभीर

मंडला के हीरापुरा में गणेश पंडाल पर हाई-वोल्टेज तार गिरने से 4 युवकों की मौत, 3 गंभीर झुलसे। पुलिस और बिजली विभाग जांच में जुटे।

​मध्य प्रदेश के मंडला जिले अंतर्गत नैनपुर के हीरापुरा गांव में गणेश विसर्जन के बाद एक दर्दनाक हादसा पेश आया। खिरका मोहल्ले में लगे गणेश पंडाल पर सुबह करीब 4 बजे अचानक हाई-वोल्टेज बिजली का तार टूटकर गिर गया। हादसे के समय अंदर सो रहे 4 युवकों की करंट से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।

​विसर्जन के बाद सामान की सुरक्षा के लिए पंडाल में सोए थे युवक

​शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर हीरापुरा गांव में समिति द्वारा स्थापित गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया था। विसर्जन प्रक्रिया पूरी होने के बाद समिति के सदस्य और अन्य युवक देर रात वापस लौटे। भोजन करने के उपरांत पंडाल में रखे सामान और उपकरणों की सुरक्षा के उद्देश्य से करीब सात से आठ युवक वहीं रात में सो गए थे।

​अचानक तार टूटने से फैला करंट, चार ने मौके पर तोड़ा दम

​सुबह लगभग 4 बजे पंडाल के ऊपर से गुजर रहा हाई-वोल्टेज विद्युत तार अचानक टूटकर सीधे पंडाल पर आ गिरा। तार गिरते ही पूरे पंडाल में तेज गति से करंट फैल गया, जिससे वहां सो रहे युवकों को संभलने तक का अवसर नहीं मिला।

​इस हादसे में चार युवकों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • ​जैनू भांवरे (उम्र 19 वर्ष)
  • ​रवि झारिया (उम्र 24 वर्ष)
  • ​कृष्ण कुमार भांवरे (उम्र 18 वर्ष)
  • ​वीरेंद्र भांवरे (उम्र 24 वर्ष)

​हादसे में प्रियांशु समेत तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए। प्रियांशु की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद मंडला जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज नैनपुर अस्पताल में जारी है।

​पुलिस और विद्युत विभाग ने शुरू की जांच

​दुर्घटना की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

​नैनपुर एसडीओपी मनीष राज के अनुसार, युवक प्रतिमा विसर्जन के बाद सामान की निगरानी के लिए पंडाल में रुके हुए थे, तभी तार गिरने से यह हादसा हुआ। तार टूटने की असल वजह क्या थी और क्या इसमें शॉर्ट सर्किट की भूमिका थी, इसकी तकनीकी जांच बिजली कंपनी की टीम कर रही है। दोनों विभागों की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


​साभार: मीडिया रिपोर्ट्स 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ