मथुरा में एक मां ने प्रेमी से बात करते समय शोर मचाने पर अपने 3 साल के बेटे की हत्या कर दी। एक महीने बाद पति ने दर्ज कराई FIR।
यूपी के मथुरा में एक मां पर प्रेमी से फोन पर बात करते वक्त शोर मचाने पर अपने 3 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। एक महीने बाद पति ने पत्नी को फोन पर बात करते सुना, तब इस खौफनाक राज से पर्दा उठा। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी मां और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुई मासूम की मौत?
मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र स्थित छौली गांव में 28 जून की शाम यह वारदात हुई। शिकायतकर्ता पिता कृष्ण मुरारी के मुताबिक, उनकी पत्नी रुचि ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि उनका तीन वर्षीय बेटा माधव जगाने पर भी नहीं उठ रहा है। आनन-फानन में परिजन बच्चे को मथुरा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उस वक्त मौत का कारण स्पष्ट न होने पर परिजनों ने मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया था।
एक महीने बाद यूं खुला कत्ल का राज
बच्चे की मौत के करीब एक महीने बाद मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आया। कृष्ण मुरारी ने अपनी पत्नी को फोन पर किसी युवक से बात करते हुए सुना। इस बातचीत में कथित तौर पर बच्चे की मौत का जिक्र हो रहा था। शक गहराने पर जब पति ने रुचि से पूछताछ की, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। रुचि ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसका एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना वाले दिन जब वह फोन पर प्रेमी से बात कर रही थी, तो माधव शोर मचाने लगा। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने ही बेटे का गला दबा दिया, जिससे उसकी जान चली गई।
कॉल रिकॉर्ड्स और साक्ष्य जुटा रही पुलिस
शिकायत में यह भी आरोप है कि प्रेमी को भी इस हत्या की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी मां और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बलदेव थाना प्रभारी अभय कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, संबंधित लोगों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। मामले की हर एंगल से निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
साभार: मीडिया रिपोर्ट्स


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।