सहारनपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी ने भाई समेत परिवार पर लगाया आरोप।
सहारनपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान उस समय सनसनी फैल गई जब अपनी पत्नी को परीक्षा दिलाने आए एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी ने अपने सगे भाई समेत परिवार के कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एग्जाम सेंटर के बाहर हुई सनसनीखेज वारदात
जानकारी के मुताबिक शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र स्थित गोचर इंटर कॉलेज पहुंचे थे। परीक्षा शुरू होने के बाद आकांक्षा सेंटर के अंदर चली गई जबकि शिव कुमार बाहर इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान वहां पहुंचे मंजीत नाम के युवक ने शिव कुमार पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने बेहद करीब से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही शिव कुमार मौके पर गिर पड़ा और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रेम विवाह से नाराज था परिवार
मृतक की पत्नी आकांक्षा ने पुलिस को दिए बयान में अपने भाई मंजीत पर हत्या का आरोप लगाया है। आकांक्षा के अनुसार उसने करीब चार महीने पहले शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था।
आकांक्षा का आरोप है कि शादी के बाद से ही परिवार में तनाव बना हुआ था और उसका भाई लगातार इस रिश्ते का विरोध कर रहा था। उसने पुलिस को बताया कि इसी रंजिश में उसके पति की हत्या की गई है। मृतक के परिजनों ने भी इस हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और प्रेम विवाह को वजह बताया है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मृतक के भाई शिवम कुमार ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG अभिषेक सिंह भी अस्पताल पहुंचे और पीड़िता आकांक्षा से बातचीत की। DIG ने बताया कि शिव कुमार और आकांक्षा एक ही गांव के रहने वाले थे और दोनों ने कुछ महीने पहले प्रेम विवाह किया था। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।