राम मंदिर चढ़ावा केस में अयोध्या बार एसोसिएशन का बड़ा फैसला। आरोपियों का केस नहीं लड़ेंगे वकील।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में जांच तेज होने के बीच अयोध्या बार एसोसिएशन ने सख्त रुख अपनाया है। एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि मामले के किसी भी आरोपी की पैरवी कोई वकील नहीं करेगा। साथ ही चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को तीन दिन के भीतर अयोध्या छोड़ने की चेतावनी दी गई है। वकीलों ने कहा कि ऐसा नहीं होने पर रामनगरी में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बार एसोसिएशन ने लिया सख्त फैसला
सोमवार को हुई अयोध्या बार एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राम मंदिर चढ़ावा मामले के किसी भी आरोपी का पक्ष कोई अधिवक्ता नहीं रखेगा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने कहा कि यदि कोई वकील आरोपियों की पैरवी करता है तो उस पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और उसकी सदस्यता भी समाप्त की जा सकती है।
बैठक के दौरान कई अधिवक्ताओं ने मांग की कि चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव तीन दिन के भीतर अयोध्या छोड़ दें। उनका कहना था कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो पूरे अयोध्या में आंदोलन किया जाएगा और शहर में प्रवेश को लेकर भी विरोध दर्ज कराया जाएगा।
जांच में लगातार सामने आ रहे नए तथ्य
इस मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। सोमवार को ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का बयान दर्ज किया गया। वहीं अनिल मिश्रा और गोपाल राव के बयान भी जल्द दर्ज किए जाएंगे। जांच एजेंसियां करीब 140 लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि करोड़ों रुपये के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी केवल नकदी गिनने वाले कर्मचारियों के स्तर पर संभव नहीं थी। पुलिस और एसआईटी को जांच में बैंक के दो कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध मिली है। अधिकारियों का मानना है कि बैंक स्तर पर मिलीभगत के बिना लंबे समय तक रिकॉर्ड में कथित हेरफेर करना आसान नहीं था। इसी आधार पर आगे और गिरफ्तारियों की संभावना भी जताई जा रही है।
आज खत्म होगी आरोपियों की रिमांड
राम मंदिर चढ़ावा मामले में नामजद आठों आरोपियों की पुलिस रिमांड सोमवार को समाप्त हो रही है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस उनसे आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड की मांग कर सकती है।
इससे पहले जांच टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान नकदी, आभूषण, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है।
साभार: मीडिया रिपोर्ट्स


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।