ताजा खबरें

5/recent/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

पत्नी के छोड़ने के बाद बदले की साजिश? मोहर्रम पर जहरीली गोलियां बांटने के आरोपी फैयाज को लेकर जांच में बड़े खुलासे


मुंबई मोहर्रम जहरीली गोली मामले में आरोपी फैयाज को लेकर जांच में नए खुलासे। मोबाइल, मेडिकल हिस्ट्री और जहर खरीद की जांच जारी।

मुंबई में मोहर्रम के दौरान कथित तौर पर जहरीली गोलियां बांटने के मामले में गिरफ्तार 39 वर्षीय फैयाज प्रेमजी को लेकर जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मानसिक तनाव से गुजर रहा था और शुरुआती पूछताछ में उसने लोगों से बदला लेने जैसी बातें कहीं हैं। फिलहाल पुलिस उसके मोबाइल, मेडिकल रिकॉर्ड और जिंक फास्फाइड की खरीद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मानसिक तनाव और पारिवारिक परिस्थितियों की जांच

पुलिस सूत्रों के मुताबिक फैयाज प्रेमजी लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद वह लगातार तनाव में रहने लगा। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या आरोपी किसी मानसिक बीमारी से पीड़ित था और क्या उसने किसी मनोरोग विशेषज्ञ से इलाज कराया था। आरोपी के पिता का बयान पुणे में दर्ज किया गया है, जबकि उसकी मां और बहन फिलहाल ईरान में रह रही हैं।

मोबाइल में AI से जहर की जानकारी खोजने का दावा

जांच एजेंसियों ने आरोपी का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। शुरुआती जांच में पता चला है कि उसने AI टूल की मदद से जिंक फास्फाइड की मात्रा और उसके शरीर पर होने वाले प्रभाव से जुड़ी जानकारी तलाश की थी। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि जिंक फास्फाइड उसने कहां से खरीदा और यह उसके पास कैसे पहुंचा। डिजिटल गतिविधियों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

बीबीए ग्रेजुएट है आरोपी, फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस के अनुसार फैयाज प्रेमजी बीबीए ग्रेजुएट है। पुणे स्थित उसके घर की तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में चूहे पाए गए। जांचकर्ताओं का मानना है कि इसी वजह से उसे चूहे मारने वाले रसायन जिंक फास्फाइड की जानकारी थी। हालांकि पुलिस ने अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


साभार: टीवी9 डिजिटल

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ