राजगढ़ में पति ने पत्नी को जंजीर से बांधकर 24 घंटे कैद रखा। महिला ताला तोड़कर थाने पहुंची, आरोपी गिरफ्तार।
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के छीपीपुरा गांव में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी मांगीबाई तंवर के साथ मारपीट की, उसे लोहे की जंजीर से घर के खंभे में बांध दिया और गर्म सरिए से दाग दिया। करीब 24 घंटे तक बंधक बनाए जाने के बाद महिला ने पत्थर से ताला तोड़कर खुद को मुक्त कराया और गले में जंजीर लटकाए लगभग 6 किलोमीटर पैदल चलकर थाने पहुंच गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति सरदार सिंह तंवर को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद, पत्नी पर बरसाया कहर
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 10 जून की शाम सरदार सिंह तंवर शराब पीकर घर पहुंचा था। पहले उसने सामान्य तरीके से खाना खाया, लेकिन कुछ देर बाद पत्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वह घर से बाहर गया और पेड़ की एक मोटी शाखा काटकर ले आया। इसके बाद उसने मांगीबाई के साथ लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि पति लंबे समय से शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था और इसी कारण उसने पुलिस में शिकायत करने का मन बनाया था।
महिला घर से निकलकर थाने जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन रास्ते में आरोपी पति ने उसे देख लिया। बताया गया कि पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास उसने फिर से महिला के साथ मारपीट की और जबरन उसे वापस गांव ले गया। बीच-बचाव की कोशिश करने वाले ग्रामीण की मौजूदगी के बावजूद आरोपी महिला को घर ले जाने में सफल रहा।
खंभे से बांधकर किया बंधक, गर्म सरिए से दागने का आरोप
घर पहुंचने के बाद आरोपी ने कथित रूप से क्रूरता की सारी सीमाएं पार कर दीं। महिला के अनुसार पति ने उसके गले में लोहे की मोटी जंजीर डाल दी और उसका दूसरा सिरा घर के खंभे से बांधकर ताला लगा दिया। इतना ही नहीं, उसने गैस चूल्हे पर लोहे का सरिया गर्म किया और महिला की कमर, कूल्हे तथा जांघ पर कई जगह दाग दिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे करीब 24 घंटे तक उसी हालत में रखा गया। इस दौरान उसे खाना और पानी तक नहीं दिया गया। आरोपी गांव में पंचायत बुलाने की बात कह रहा था और चाहता था कि महिला पुलिस में शिकायत न करने का लिखित आश्वासन दे। डर और दबाव के कारण महिला ने उसकी बात मानने का नाटक किया ताकि उसे भागने का मौका मिल सके।
पत्थर से तोड़ा ताला, जंजीर के साथ पहुंची थाने
जब आरोपी पंचायत के लिए लोगों को बुलाने घर से बाहर गया तो महिला को अकेला मौका मिल गया। उसकी नजर पास पड़े एक पत्थर पर पड़ी। उसने उसी पत्थर से ताले पर लगातार वार किए। कई कोशिशों के बाद ताला टूट गया और महिला जंजीर समेत घर से निकल गई।
गले में जंजीर और ताला लटकाए महिला पैदल ही खिलचीपुर की ओर चल पड़ी। रास्ते में कई लोगों ने उसकी हालत देखी। कुछ लोगों को उसकी स्थिति समझ नहीं आई, जबकि एक राहगीर ने उसकी मदद करते हुए उसे भोजन कराया। इसके बाद वह सीधे खिलचीपुर थाने पहुंची।
थाने में जंजीर से बंधी हालत में पहुंची महिला को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत ने तत्काल महिला के गले से जंजीर और ताला कटवाया। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शरीर पर चोट और जलने के निशान पाए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति सरदार सिंह तंवर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।