प्रतापगढ़ में बच्चे को गोद में लिए महिला को SO द्वारा थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल।
प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें थानाध्यक्ष आदित्य सिंह एक महिला को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। महिला की गोद में छोटा बच्चा भी था। मामला गांव में सफेदा के पेड़ को लेकर चल रहे विवाद का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा से जुड़े नियमों पर सवाल उठने लगे हैं।
पेड़ विवाद सुलझाने पहुंची थी पुलिस, फिर बढ़ गया मामला
जानकारी के मुताबिक कंधई थाना क्षेत्र के परानपुर गांव में सफेदा के पेड़ के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। हाल ही में आई आंधी के दौरान पेड़ गिरने से रास्ता बंद हो गया था। इसी को हटाने और विवाद खत्म कराने के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। टीम के साथ महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थीं। पेड़ काटने के लिए आरा मशीन चलाई जा रही थी, तभी एक पक्ष की महिलाएं विरोध करने लगीं और आरा रोकने के लिए आगे बढ़ गईं।
वायरल वीडियो में महिला को थप्पड़ मारते दिखे SO
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में धक्का-मुक्की के दौरान कंधई थानाध्यक्ष आदित्य सिंह एक महिला को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। महिला की गोद में बच्चा भी नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस के रवैये पर नाराजगी जताई है। कई लोगों का कहना है कि महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पुरुष अधिकारी द्वारा इस तरह बल प्रयोग करना नियमों के खिलाफ है।
SO ने दी सफाई, नियमों पर उठे सवाल
थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिलाएं चल रहे आरे की तरफ दौड़ रही थीं और किसी बड़े हादसे की आशंका थी। उन्हें रोकने और हटाने के दौरान यह स्थिति बनी। हालांकि कानून विशेषज्ञों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की गाइडलाइन के अनुसार महिलाओं से जुड़े मामलों में महिला पुलिसकर्मियों को ही कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसे में वायरल वीडियो के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।