पन्ना में बीएससी टॉपर छात्रा सृष्टि मिश्रा सुसाइड केस में वीडियो और सुसाइड नोट सामने आने से जांच तेज हो गई है।
पन्ना जिले की बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा और कॉलेज टॉपर सृष्टि उर्फ प्रिया मिश्रा की आत्महत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। मौत से पहले बनाए गए वीडियो और सुसाइड नोट में छात्रा ने खुद को ब्लैकमेल किए जाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात कही है। पुलिस को मोबाइल से चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। मामले को लेकर इलाके में आक्रोश है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
मौत से पहले वीडियो में बयां किया दर्द
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के लोढ़ा पुरवा गांव की रहने वाली 22 वर्षीय सृष्टि मिश्रा ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद अब एक वीडियो सामने आया है, जिसे छात्रा ने अपनी मौत से पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में वह रोते हुए अपनी परेशानी बता रही है और एक युवक पर लगातार परेशान करने का आरोप लगा रही है।
बताया जा रहा है कि सृष्टि बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी होनहार मानी जाती थी। कॉलेज में टॉपर रही छात्रा की अचानक मौत से परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
सुसाइड नोट में युवक का नाम, ब्लैकमेलिंग के आरोप
पुलिस को छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें भीना गांव निवासी बड़कू ठाकुर का नाम लिखा बताया जा रहा है। सुसाइड नोट में छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे ब्लैकमेल कर रहा था और उस पर गलत काम करने का दबाव बना रहा था।
छात्रा ने अपने नोट में यह भी साफ लिखा कि उसके माता-पिता और परिवार के अन्य लोग उसकी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं हैं। उसने परिवार को निर्दोष बताते हुए अपनी परेशानी का जिक्र किया है। इस खुलासे के बाद परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतका के पिता का कहना है कि उनकी बेटी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उनकी बेटी को परेशान कर रहा था, जिसकी वजह से वह टूट गई थी।
मोबाइल चैट और डिजिटल सबूत खंगाल रही पुलिस
अजयगढ़ थाना पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मोबाइल से कुछ चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर ब्राह्मण समाज में भी नाराजगी देखी जा रही है। समाज के कई लोगों और प्रतिनिधियों ने थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर छात्रा को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वीडियो, सुसाइड नोट और मोबाइल से मिले डिजिटल सबूतों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।