MrBeast 500 मिलियन सब्सक्राइबर पार करने वाले दुनिया के पहले यूट्यूबर बन गए हैं। यूट्यूब CEO नील मोहन ने उन्हें खास तोहफा दिया है।
दुनिया के सबसे लोकप्रिय यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट (MrBeast) ने एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो आज तक कोई नहीं कर पाया। 500 मिलियन (50 करोड़) सब्सक्राइबर का जादुई आंकड़ा पार कर वह दुनिया के पहले इंडिविजुअल क्रिएटर बन गए हैं। इस बड़ी कामयाबी पर यूट्यूब के सीईओ नील मोहन ने उन्हें एक खास 'कस्टम प्ले बटन' देकर सम्मानित किया है और सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीर भी शेयर की है।
T-Series को पछाड़ कर कायम की बादशाहत
मिस्टर बीस्ट का यह रिकॉर्ड ऐसे समय में आया है जब वह पहले ही दुनिया के सबसे ज्यादा सब्सक्राइबर वाले चैनल बन चुके हैं। उन्होंने प्यूडीपाई (PewDiePie) से लेकर भारतीय म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज (T-Series) जैसे बड़े नामों को पीछे छोड़ दिया है। इस बेमिसाल कामयाबी को सराहते हुए यूट्यूब के सीईओ नील मोहन ने मिस्टर बीस्ट को यह स्पेशल प्ले बटन दिया और उनके काम व लगातार बढ़ते प्रभाव की जमकर तारीफ की।
13 साल की उम्र में गेमिंग से की थी शुरुआत
जिमी डोनाल्डसन उर्फ MrBeast का सफर साल 2012 में शुरू हुआ था, तब वह सिर्फ 13 साल के थे। शुरुआत में वह गेमिंग, यूट्यूब ट्रेंड्स और रिएक्शन वीडियो बनाते थे। लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने बड़े चैलेंज, भारी-भरकम इनाम और समाज सेवा वाले वीडियो से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। आज 27 साल की उम्र में वह सिर्फ एक यूट्यूबर नहीं हैं, बल्कि सैकड़ों कर्मचारियों की टीम के साथ एक बहुत बड़े मीडिया नेटवर्क के मालिक बन चुके हैं।
करोड़ों की कमाई, फिर भी खर्चों के लिए मां से मांगे पैसे
कंटेंट बनाने के अलावा, मिस्टर बीस्ट 'Feastables' नाम की अपनी स्नैक कंपनी भी चलाते हैं और कई चैरिटी के काम करते हैं। फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने एक साल में 85 मिलियन डॉलर कमाए थे, हालांकि उन्होंने इन आंकड़ों को खारिज कर दिया था। उनका कहना है कि वह अपनी सारी कमाई नए वीडियो बनाने में निवेश कर देते हैं। हाल ही में उन्होंने मजाक में यह भी कहा था कि सारा पैसा वीडियो में लगा देने के कारण अपनी आने वाली शादी के खर्च के लिए उन्हें अपनी मां से पैसे उधार लेने पड़ रहे हैं।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।