ताजा खबरें

5/recent/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

MP Suicide Case: उमरिया पुलिस लाइन में SI ने खुद को मारी गोली, बेटे की शादी के 15 दिन बाद उठाया खौफनाक कदम



उमरिया पुलिस लाइन में SI विजय कुमार सिंह ने सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मार ली, पुलिस जांच में जुटी।

मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में रविवार शाम पुलिस विभाग से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां पुलिस लाइन में पदस्थ एसआई विजय कुमार सिंह ने अपनी सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव और प्रमोशन से जुड़ी परेशानियों को कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस लाइन में गूंजी गोली की आवाज, मौके पर हुई मौत

जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय एसआई विजय कुमार सिंह रविवार शाम करीब 5 बजे अपने सरकारी आवास से बाहर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह पुलिस लाइन परिसर में बने तालाब की ओर टहलते हुए गए। इसी दौरान उन्होंने अपनी सरकारी 9 एमएम पिस्टल निकाली और कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जिस कमरे में विजय कुमार सिंह रहते थे उसे फिलहाल सील कर दिया गया है ताकि जांच प्रभावित न हो।

प्रमोशन और पारिवारिक तनाव की भी जांच

विजय कुमार सिंह मूल रूप से मध्य प्रदेश के सागर जिले के ग्राम जमुनिया के रहने वाले थे। वह पुलिस लाइन की आर्म्स शाखा में प्रभारी के रूप में कार्यरत थे और हथियारों की देखरेख की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। विभाग में उन्हें एक अनुभवी और जिम्मेदार अधिकारी माना जाता था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक समस्याओं को लेकर परेशान चल रहे थे। जांच में यह बात भी सामने आई है कि करीब तीन महीने पहले उनका एएसआई से सब इंस्पेक्टर पद पर प्रमोशन हुआ था और उनका तबादला पीटीएस उमरिया कर दिया गया था। हालांकि उन्होंने पुलिस मुख्यालय को आवेदन देकर प्रमोशन स्वीकार करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद वह वापस पुलिस लाइन उमरिया लौट आए थे।

अब पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है कि कहीं मानसिक तनाव और विभागीय परिस्थितियों का इस घटना से कोई संबंध तो नहीं था। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

बेटे की शादी के 15 दिन बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जा रहा है कि विजय कुमार सिंह ने करीब 15 दिन पहले ही अपने बेटे की शादी की थी। घर में हाल ही में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। रिश्तेदारों और परिचितों को भी इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा।

शाम होने की वजह से रविवार को पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। पुलिस ने शव को मोर्चुरी में रखवाया है। सोमवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

शहडोल रेंज के डीआईजी विवेक कुमार सिंह भी उमरिया पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और परिवार के बयान दर्ज होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की असली वजह साफ हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ