लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में LDA के 5 और अधिकारी सस्पेंड। अवैध इमारत पर बुलडोजर की तैयारी।
लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के 5 और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं जिस बहुमंजिला इमारत में यह हादसा हुआ था, उसे ध्वस्त करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इमारत के मालिक को ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया जा चुका है। इस हादसे में 15 बच्चों की मौत हुई थी, जिसके बाद लगातार जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है।
5 और अधिकारियों पर गिरी कार्रवाई की गाज
सरकार की जांच में सामने आई लापरवाही के आधार पर LDA के सहायक अभियंता संजय शुक्ला, अधीक्षण अभियंता आनंद मिश्रा, अधिशासी अभियंता शिवेंद्र शुक्ला, अवर अभियंता हेमंत कुमार और सुपरवाइजर के रूप में तैनात बेलदार हरपाल को निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले भी दो इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी थी। अब तक कुल सात अधिकारियों और कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है।
अवैध इमारत पर चलेगा बुलडोजर
प्रशासन के अनुसार जिस इमारत में कोचिंग सेंटर संचालित किया जा रहा था, उसका निर्माण नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर किया गया था। आपातकालीन निकास की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण हादसे के समय बच्चे बाहर नहीं निकल सके। इसी को देखते हुए प्रशासन ने इमारत को ध्वस्त करने का निर्णय लिया है। भवन स्वामी वीरेंद्र शुक्ला को ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया गया है और बताया जा रहा है कि उन्हें जेल में जाकर भी नोटिस की प्रति सौंपी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई मौत की वजह
हादसे में जान गंवाने वाले सभी 15 बच्चों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है। रिपोर्ट के अनुसार बच्चों के शरीर पर गंभीर जलने या बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। चिकित्सकों का कहना है कि आग लगने के बाद कमरे में तेजी से जहरीला धुआं भर गया था, जिससे बच्चों का दम घुट गया। कई बच्चों के चेहरे और आंखों पर धुएं के प्रभाव से सूजन भी पाई गई है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
साभार: मीडिया रिपोर्ट्स


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।