PREMIUM AD SPACE
अपने बिजनेस को दें बड़ी पहचान
Vishwa Media पर Premium Advertising Space बुक करें
WhatsApp पर BOOK NOW

ताजा खबरें

5/National/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

लखनऊ में 20 घंटे के अंदर ‘हाफ एनकाउंटर’: पुलिस भर्ती परीक्षा देने आईं युवतियों से दरिंदगी की कोशिश, ऑटो चालक हसीब गिरफ्तार


लखनऊ में पुलिस भर्ती परीक्षा देने आईं दो युवतियों से दुष्कर्म की कोशिश करने वाला ऑटो चालक हसीब एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार।

लखनऊ में पुलिस भर्ती परीक्षा देने आईं लखीमपुर की दो महिला अभ्यर्थियों के साथ दरिंदगी की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो चालक हसीब ने दोनों युवतियों को गलत रास्ते पर ले जाकर सुनसान इलाके में बंधक बनाया और दुष्कर्म का प्रयास किया। युवतियों ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया और शोर मचाकर खुद को बचाया। घटना के करीब 20 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया।

परीक्षा देने आईं युवतियों को सुनसान इलाके में ले गया चालक

पुलिस के मुताबिक दोनों युवतियां लखीमपुर खीरी के मैलानी क्षेत्र की रहने वाली हैं और पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए लखनऊ आई थीं। परीक्षा से पहले वे विकासनगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर पर रुकी हुई थीं। सोमवार तड़के करीब तीन बजे दोनों चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचीं और वहां से आलमबाग बस अड्डा जाने के लिए एक ऑटो में बैठ गईं।

आरोप है कि ऑटो चालक हसीब ने आलमबाग थाने के पास पहुंचने पर सड़क खराब होने का बहाना बनाया और ऑटो को दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया। इसके बाद वह दोनों युवतियों को पारा थाना क्षेत्र के डॉक्टरखेड़ा इलाके में सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने युवतियों के साथ जबरदस्ती करने और दुष्कर्म की कोशिश की।

युवतियों की बहादुरी से बची जान

घटना के दौरान दोनों युवतियों ने हिम्मत नहीं हारी। पुलिस के अनुसार एक युवती ने आरोपी की उंगली पर दांत से काट लिया, जिससे उसकी पकड़ ढीली पड़ गई। इसी दौरान दोनों ने जोर-जोर से चीखना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार मौके पर पहुंच गया।

राहगीर को आता देख आरोपी घबरा गया और मौके से ऑटो लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िताओं से पूछताछ की। पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में दोनों युवतियों को रायबरेली स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया, जहां उन्होंने परीक्षा दी।

CCTV और सर्विलांस से पकड़ा गया आरोपी

घटना के बाद लखनऊ पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले और ऑटो के रूट की जांच शुरू की। सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान हरदोई जिले के कछौना निवासी हसीब के रूप में हुई। पुलिस टीम ने देर रात पारा इलाके में आरोपी को घेर लिया।

पुलिस का कहना है कि घिरने के बाद आरोपी ने फायरिंग करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने दोनों युवतियों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ और साहस की वजह से बड़ा अपराध होने से टल गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ