लखनऊ में 40 रुपये का बन-मक्खन खाकर खुद को IPS बताने वाले शख्स को पुलिस ने दबोचा। पुलिस से बोला- मुझे सैल्यूट क्यों नहीं किया?
लखनऊ के महानगर इलाके में महज 40 रुपये का बन-मक्खन मुफ्त में खाने के चक्कर में एक शख्स पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी चाय वाले को पैसे देने से बचने के लिए खुद को नोएडा का IPS अफसर बता रहा था। सूचना पर जब असली पुलिस पहुंची तो वह उन पर भी रौब झाड़ने लगा, लेकिन पहचान पत्र मांगते ही इस 'फर्जी आईपीएस' की सारी हेकड़ी निकल गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
40 रुपये मांगे तो भड़क गया 'साहब'
यह पूरी घटना लखनऊ के महानगर क्षेत्र स्थित गोल मार्केट चौराहे की है। यहां एक चाय की दुकान पर एक व्यक्ति पहुंचा और उसने 40 रुपये का बन-मक्खन खाया। जब दुकानदार ने उससे पैसे मांगे तो वह भड़क गया। उसने दुकानदार को धमकाते हुए कहा कि वह नोएडा में तैनात एक आईपीएस अधिकारी है। हालांकि, उसके संदिग्ध हाव-भाव देखकर चाय वाले को शक हुआ और उसने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दे दी।
पुलिस से बोला- "मैं IPS हूं, मुझे सैल्यूट मारो"
दुकानदार की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी के तेवर कम नहीं हुए। उसने पुलिसकर्मियों पर भी धौंस जमाने की कोशिश की। हद तो तब हो गई जब उसने मौके पर आई पुलिस से पूछ लिया कि "मैं आईपीएस हूं, मुझे सैल्यूट क्यों नहीं किया?" इसके बाद पुलिसकर्मियों ने जब उससे उसका पहचान पत्र या कोई आधिकारिक दस्तावेज मांगा, तो वह बगले झांकने लगा और कोई भी वैध आईडी नहीं दिखा सका।
सख्ती होते ही खुली पोल, प्राइवेट नौकरी करता है ठग
पुलिस ने जब थाने ले जाकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसकी असलियत सामने आ गई। आरोपी की पहचान सीतापुर रोड (भरतनगर) निवासी मिथिलेश शुक्ला के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि वह कोई अफसर नहीं, बल्कि नोएडा सेक्टर-18 स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाला आम कर्मचारी है। गोल मार्केट चौकी प्रभारी आर्यन शर्मा की तहरीर पर महानगर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं उसने पहले भी इस तरह की धोखाधड़ी तो नहीं की है।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।