बुलंदशहर में प्रेमिका ने पति संग मिलकर प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। उसे करंट लगाया और जहर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से कत्ल का एक बेहद खौफनाक और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने कथित प्रेमी को मिलने के बहाने घर बुलाया और फिर अपने पति व ससुराल वालों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले प्रेमी को कमरे में बंद कर पीटा, उसे करंट लगाया और जब इससे भी मन नहीं भरा तो जहर दे दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिलने के बहाने घर बुलाया, फिर बिछाया मौत का जाल
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुलंदशहर के बीबी नगर थाना क्षेत्र के चितसोना अलीपुर गांव की है। नोएडा में चाय की दुकान चलाने वाला अवधेश (निवासी रिठालु, थाना छतारी) मंजू नाम की महिला से कथित तौर पर प्रेम करता था। 14 जून को मंजू ने अवधेश को फोन किया और उसे मिलने के लिए अपने घर चितसोना अलीपुर बुला लिया। प्रेमिका का बुलावा पाते ही अवधेश तुरंत उससे मिलने पहुंच गया, लेकिन उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वहां मौत उसका इंतजार कर रही है।
करंट लगाया, बेरहमी से पीटा और फिर खिला दिया जहर
जैसे ही अवधेश मंजू के घर पहुंचा, मंजू के पति कृष्ण कुमार और ससुराल के अन्य लोगों ने उसे दबोच लिया। आरोपियों ने अवधेश को एक कमरे में बंद कर दिया और उसकी जमकर पिटाई की। आरोप है कि उन्होंने उसे सिर्फ पीटा ही नहीं, बल्कि करंट भी लगाया। इतने पर भी जब उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो उन्होंने उसे कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया। हालत बिगड़ने पर अवधेश के परिजनों को सूचना मिली, जो उसे तुरंत खुर्जा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर भागे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पति-पत्नी को भेजा जेल, अन्य की तलाश जारी
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अवधेश के भाई कृष्ण की शिकायत पर पुलिस ने मंजू, उसके पति कृष्ण कुमार सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला मंजू और उसके पति कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और पोस्टमार्टम व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।