बाड़मेर में युवक के आधे बाल और मूंछ काटकर जूतों की माला पहनाई गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक घर में घुसने के शक में ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पहले उसकी पिटाई की, फिर उसके सिर के आधे बाल और आधी मूंछ काट दी। इतना ही नहीं, उसे जूतों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसने के आरोप के बाद ग्रामीणों ने दी अपमानजनक सजा
जानकारी के अनुसार, यह घटना राजस्थान के बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र के जोरानाडा गांव की है। बताया जा रहा है कि एक युवक के गांव के एक मकान में घुसने की सूचना मिलने पर कुछ ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद युवक को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि लोगों ने उसके सिर के आधे बाल और आधी मूंछ काट दी तथा उसे जूतों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में युवक जमीन पर बैठा दिखाई दे रहा है। उसके गले में जूतों की माला डाली गई है, जबकि एक व्यक्ति कैंची से उसके बाल और मूंछ काटता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस बोली- दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित युवक के परिजनों को बुलाया गया है और उनकी शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरह का अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार कानूनन अपराध है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साभार: मीडिया रिपोर्ट्स/ वायरल वीडियो


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।