PREMIUM AD SPACE
अपने बिजनेस को दें बड़ी पहचान
Vishwa Media पर Premium Advertising Space बुक करें
WhatsApp पर BOOK NOW

ताजा खबरें

5/National/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

बेटी के सामने मां को मारी गोली… अलीगढ़ में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात


अलीगढ़ में बेटी के सामने महिला को बदमाशों ने गोली मारी। CCTV में कैद वारदात के बाद पुलिस जांच में जुटी।

अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला को उसकी बेटी के सामने गोली मार दी। घायल महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है।

लंच के लिए घर लौट रही थी मां-बेटी, तभी हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक रोरावर थाना क्षेत्र के निवरी मोड़ स्थित सद्दाम स्कूल के पास रहने वाली 45 वर्षीय रानी शनिवार दोपहर अपनी बेटी रिहाना के साथ कारखाने से लंच करने घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से बुलेट बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे और महिला पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगते ही रानी सड़क पर गिर पड़ी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मां को घायल हालत में देखकर बेटी रिहाना घबरा गई। उसने पहले मां को संभालने की कोशिश की और फिर बदमाशों के पीछे भी दौड़ी, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही रोरावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल College रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में लगे अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि बदमाशों के भागने का रूट पता लगाया जा सके। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।

पुरानी रंजिश में गोली मारने का आरोप

घायल महिला की बेटी रिहाना ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले के कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी। उसी विवाद के चलते उनकी मां पर हमला कराया गया है। परिवार का कहना है कि पहले भी विवाद को लेकर कहासुनी और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

वहीं पुलिस अधिकारियों के मुताबिक महिला के पति ने भी शिकायत में बताया है कि चोरी के एक पुराने मामले को लेकर मोहल्ले के एक व्यक्ति से विवाद चल रहा था। उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

सीओ सर्वम सिंह ने बताया कि महिला को गन शॉट इंजरी लगी है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ