भोपाल में ट्विशा शर्मा डेथ केस में WhatsApp चैट लीक, मौत से पहले पति और सास पर लगाए गंभीर आरोप।
मौत से पहले मां को भेजे मैसेज में छलका ट्विशा शर्मा का दर्द
भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ मिस्ट्री अब और भी ज्यादा उलझती जा रही है। पूर्व मिस पुणे रह चुकी ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद सामने आई WhatsApp चैट ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। मौत से पहले ट्विशा लगातार अपनी मां से बातचीत कर रही थीं और उन मैसेज में उन्होंने अपनी शादीशुदा जिंदगी को “नरक” बताया था। वायरल चैट के मुताबिक ट्विशा मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थीं और बार-बार अपनी मां से उन्हें भोपाल से वापस ले जाने की गुहार लगा रही थीं।
बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को भोपाल एयरपोर्ट से घर लौटने के दौरान पति समर्थ सिंह ने उनसे बातचीत तक नहीं की। इसी बात से परेशान होकर ट्विशा ने अपनी मां को कई भावुक मैसेज भेजे। उन्होंने लिखा कि उन्हें यहां बुलाकर सिर्फ “नाटक” किया जा रहा है और उनका जीवन अब बुरी तरह बर्बाद हो चुका है। ट्विशा ने अपनी मां से साफ शब्दों में कहा था कि वह अब वहां नहीं रहना चाहतीं और उन्हें तुरंत वापस ले जाया जाए।
चैट में ट्विशा बार-बार खुद को अकेला और मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस करती नजर आईं। उन्होंने कहा कि पति उन्हें पिछले एक साल से सिर्फ “बर्दाश्त” कर रहा है। इतना ही नहीं, ट्विशा ने खुद को अपने “बुरे कर्मों” का शिकार बताते हुए कहा कि वह पूरी तरह फंस चुकी हैं और अब उनकी हालत संभालना मुश्किल हो रहा है।
प्रेग्नेंसी पर शक, चरित्र पर आरोप और जबरन अबॉर्शन का दावा
लीक हुई WhatsApp चैट में सबसे सनसनीखेज दावा यह सामने आया कि ट्विशा के पति समर्थ सिंह उनकी प्रेग्नेंसी पर शक करते थे। ट्विशा ने अपनी मां को बताया था कि समर्थ उनसे पूछता था कि “ये बच्चा किसका था?” इस तरह के सवालों ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया था। चैट में ट्विशा ने साफ लिखा कि उनके पति ने “घटियापने की हर लिमिट” पार कर दी है और अब वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी हैं।
ट्विशा ने अपनी मां को यह भी बताया कि पति और सास दोनों उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर जबरन गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया। चैट में उन्होंने सास गिरीबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को बेहद “क्रूर” बताया। ट्विशा ने कहा कि घर का माहौल इतना जहरीला हो चुका था कि उन्हें हर समय घुटन महसूस होती थी।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब ट्विशा ने अपनी मां को यह भी बताया कि पति उनके पिता से “नाक रगड़वा कर माफी” मंगवाना चाहता है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि दोनों परिवारों के बीच रिश्ते बेहद खराब हो चुके थे। ट्विशा ने अपनी मां से यहां तक कह दिया था कि वे सिर्फ रिश्ते बचाने के लिए उनकी जिंदगी बर्बाद न करें।
11 मई की सुबह यानी मौत से ठीक पहले भी ट्विशा ने अपनी मां को कई मैसेज किए थे। उन्होंने कहा कि ससुराल वाले उनकी मानसिक हालत को छिपाने के लिए उन पर ड्रग्स लेने जैसे झूठे आरोप लगा रहे हैं। ट्विशा ने कहा कि उन्हें न रोने दिया जा रहा है और न ही खुश रहने की कोई वजह दी जा रही है। उन्होंने लिखा कि वह “बहुत बुरी तरह फंस चुकी” हैं।
आखिरी फोन कॉल के 15 मिनट बाद आई मौत की खबर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बढ़ाए सवाल
ट्विशा शर्मा की मौत से पहले की आखिरी रात अब जांच एजेंसियों के लिए सबसे बड़ा सवाल बन चुकी है। ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा के मुताबिक 12 मई की रात करीब 10:05 बजे ट्विशा ने अपनी मां को फोन किया था। फोन पर वह काफी परेशान थीं और अपना दर्द बयां कर रही थीं। लेकिन तभी पति समर्थ सिंह कमरे में आ गया और ट्विशा ने घबराकर तुरंत फोन काट दिया।
परिवार ने इसके बाद लगातार कॉल करने की कोशिश की लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। करीब 10 मिनट बाद सास गिरीबाला सिंह ने फोन उठाया। परिवार ने उनसे ट्विशा को देखने और बात कराने की गुजारिश की। लेकिन महज पांच मिनट बाद फिर कॉल आया और बताया गया कि “ट्विशा सांस नहीं ले रही है।”
यहीं से पूरा मामला बेहद संदिग्ध बन गया। परिवार का आरोप है कि अस्पताल घर से सिर्फ 10 मिनट की दूरी पर था, लेकिन ट्विशा को अस्पताल पहुंचाने में करीब डेढ़ घंटे की देरी की गई। इस देरी ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट ने भी मामले को और गंभीर बना दिया। रिपोर्ट में कहा गया कि ट्विशा की मौत फंदे से लटकने के कारण हुई, लेकिन उनके शरीर पर मौत से पहले लगी कई चोटों और नीले निशानों के सबूत भी मिले हैं। यानी मौत से पहले उनके साथ मारपीट या हिंसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ये भी पढ़े: 50 लाख कैश और फॉर्च्यूनर की डिमांड ने ली जान!
मामले में पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरीबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब WhatsApp चैट, कॉल रिकॉर्ड, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
भोपाल का यह हाई-प्रोफाइल मामला अब सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक सफल और चर्चित महिला इतनी मानसिक प्रताड़ना में कैसे जी रही थी और मौत से पहले मदद की गुहार लगाने के बावजूद उसे बचाया क्यों नहीं जा सका।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।