फिरोजाबाद में डेढ़ वर्षीय आरव की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली।
फिरोजाबाद में डेढ़ वर्षीय मासूम आरव की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने एकतरफा प्यार में बाधा मानकर मासूम बच्चे को सड़क पर पटक-पटक कर मार डाला था। घटना के बाद आरोपी फरार चल रहा था, लेकिन शनिवार शाम पुलिस ने उसे मैनपुरी रोड के पास झाड़ियों से घेरकर पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है।
एकतरफा प्यार में बना हैवान
पुलिस के मुताबिक फिरोजाबाद के थाना अरांव क्षेत्र की रहने वाली रति की शादी बदायूं निवासी सुमित से हुई थी। उनका डेढ़ वर्षीय बेटा आरव था। आरोप है कि रति की बुआ सास का बेटा विराज उर्फ जितेंद्र महिला से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। परिवार के लोगों का कहना है कि आरोपी मासूम बच्चे को अपने रास्ते की सबसे बड़ी बाधा मानता था।
बताया गया कि रति इन दिनों शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी स्थित अपनी मौसी के घर आई हुई थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और टॉफी दिलाने के बहाने मासूम आरव को अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद उसने बच्चे को सड़क पर पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिवार के लोग तुरंत बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
झाड़ियों में छिपा मिला आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भूढ़ा भरथरा मोड़, मैनपुरी रोड के पास झाड़ियों में छिपा हुआ है और भागने की तैयारी कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना शिकोहाबाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार जब आरोपी को रुकने का इशारा किया गया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के पास मिला अवैध तमंचा
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह बच्चे की मां से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला अपने बेटे का हवाला देकर उससे दूरी बना रही थी। इसी वजह से उसने मासूम की हत्या की साजिश रची।
फिलहाल आरोपी का अस्पताल में पुलिस निगरानी में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में सभी साक्ष्य जुटाकर जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।