फिरोजाबाद में शादी से इनकार पर युवक ने डेढ़ साल के मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार।
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने अपनी रिश्ते की भाभी के डेढ़ साल के बेटे को टॉफी दिलाने के बहाने घर से बाहर ले जाकर सड़क पर पटक-पटककर मार डाला। घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को कुछ घंटों बाद मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लगी है।
शादी के दबाव से शुरू हुआ विवाद, मासूम बना निशाना
जानकारी के मुताबिक, बदायूं निवासी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी पहुंचा था। यहां उसकी रिश्ते की भाभी रती अपनी मां के साथ एक परिचित के घर रुकी हुई थीं। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला पर अपने पति को छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बना रहा था। जब महिला और उसकी मां ने साफ इनकार कर दिया तो आरोपी गुस्से में आ गया।
इसके बाद उसने घर के बाहर खेल रहे डेढ़ साल के मासूम आरव को गोद में उठा लिया और टॉफी दिलाने की बात कहकर सुनसान सड़क की तरफ ले गया। कुछ देर बाद उसने मासूम बच्चे को सड़क पर कई बार पटक दिया। आसपास लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है।
CCTV वीडियो देखकर कांप उठे लोग
करीब 34 सेकंड के वायरल वीडियो में आरोपी बच्चे को बेरहमी से जमीन पर पटकता दिखाई दे रहा है। वारदात के बाद आरोपी बच्चे को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। जब परिजनों ने बच्चे को खून से लथपथ हालत में देखा तो चीख-पुकार मच गई। मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इलाके में इस घटना को लेकर लोगों में दहशत और गुस्सा दोनों देखने को मिला।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात भुड़ा भरतरा रोड पर आरोपी की लोकेशन मिलने के बाद घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।