पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी बोले- मोदी सरकार के 11 सालों में भारत ने वैश्विक मंच पर बनाई पहचान, अब लक्ष्य है विकसित भारत
इंद्रेश तिवारी की रिपोर्ट
मछलीशहर में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर कार्यक्रम, पूर्व मंत्री बोले- 2047 तक भारत बनेगा विकसित राष्ट्र
जौनपुर जिले के मछलीशहर स्थित सुशीला पैलेस हाल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को याद किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, जिला प्रभारी संतोष सिंह पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
11 सालों में देश ने रचा इतिहास: नीलकंठ तिवारी
पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे अभूतपूर्व और प्रेरणास्पद हैं। उन्होंने कहा कि आजादी की 100वीं वर्षगांठ पर भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने होगा। उन्होंने इसे संकल्प, साधना और समर्पण का स्वर्णिम कालखंड बताया।
नीलकंठ तिवारी ने मंच से कहा कि “मेक इन इंडिया”, “डिजिटल इंडिया”, “स्वच्छ भारत मिशन” और “आयुष्मान भारत” जैसी योजनाओं ने भारत को वैश्विक पहचान दिलाई है। 50 करोड़ गरीबों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त स्वास्थ्य बीमा देने वाली आयुष्मान भारत योजना ने स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदल दी है।
डिजिटल इंडिया से UPI बना भारत की पहचान
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया कार्यक्रम ने भारत को डिजिटल क्रांति का नेतृत्वकर्ता बनाया। UPI पेमेंट सिस्टम अब विश्वभर में सराहा जा रहा है और भारत इसकी वजह से डिजिटल पेमेंट का सिरमौर बन गया है।
जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 11.82 करोड़ ग्रामीण घरों में स्वच्छ नल जल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वहीं, मेक इन इंडिया के जरिए भारत मैन्युफैक्चरिंग का हब बन चुका है और अब वह दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
25 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला: सीमा द्विवेदी
कार्यक्रम में उपस्थित राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने मोदी सरकार की गरीबी उन्मूलन योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि बीते 11 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। उन्होंने भारत को पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बताते हुए दावा किया कि देश अब चौथे स्थान की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
सीमा द्विवेदी ने यह भी कहा कि पिछले शासन काल में भ्रष्टाचार चरम पर था, जबकि मोदी सरकार ने ट्रांसपेरेंसी और पारदर्शिता की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि ये 11 साल अकल्पनीय और अद्वितीय रहे हैं।
तीसरे कार्यकाल का पहला साल बना ऐतिहासिक: संतोष सिंह पटेल
जिला प्रभारी संतोष सिंह पटेल ने प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि जून 2024 से जून 2025 तक का यह एक साल भारत के लिए सामाजिक, रणनीतिक और वैश्विक दृष्टिकोण से बेहद अहम साबित हुआ है।
उन्होंने वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक, ऑपरेशन सिंदूर और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा में बढ़ोतरी को इस कालखंड की विशेष उपलब्धियां बताया। साथ ही कहा कि सरकार अब ऐसे निर्णय लेने में सक्षम है जो भारत को ‘विकसित राष्ट्र’ की श्रेणी में ले जाएं।
बीजेपी नेताओं ने की मोदी विजन की सराहना
बीजेपी मछलीशहर के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से की और ‘प्रोफेशनल मीट’ की प्रस्तावना रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन ही है जिसने गरीब कल्याण, सेवा और सुशासन को असली धरातल पर उतारा है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक दिनेश चौधरी, डॉ. हरेंद्र सिंह, दिलीप राय बलवानी, मंडल अध्यक्ष हरिओम गुप्ता, राजेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, मनोज जायसवाल, राजेश सिंह, संतोष जायसवाल, जयानंद चौबे और मुकेश सिंह जैसे गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन डॉ. नृपेंद्र ने किया।
मोदी सरकार के 11 साल: उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण
कार्यक्रम का मूल उद्देश्य आम लोगों तक मोदी सरकार की नीतियों और कार्यों की जानकारी पहुंचाना रहा। वक्ताओं ने मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को इस रूप में प्रस्तुत किया जिससे लोगों को लगे कि आने वाले वर्षों में भारत वास्तव में एक सुपरपावर और विकसित राष्ट्र बनकर उभरेगा।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।