रामदरबार में विराजेंगे राजा राम: अयोध्या में गूंजेंगे वैदिक मंत्र, गंगा दशहरा पर भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह


अयोध्या में आज रामदरबार की प्राण प्रतिष्ठा, 101 वैदिक आचार्यों की मौजूदगी में भव्य आयोजन, सीएम योगी रहेंगे शामिल।


अयोध्या में आज गूंजेगा वैदिक मंत्रों का नाद, रामदरबार में विराजेंगे राजा राम

उत्तर प्रदेश की धार्मिक राजधानी अयोध्या एक बार फिर अध्यात्म और आस्था के स्वर्णिम अध्याय में नया पन्ना जोड़ने जा रही है। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर आज रामलला के साथ रामदरबार की भव्य प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होने जा रहा है। मंदिर के प्रथम तल पर स्थापित होने जा रहे रामदरबार के साथ ही गर्भगृह के चारों कोनों पर बने परकोटे में सात अन्य विग्रहों की प्रतिष्ठा भी की जाएगी।

101 वैदिक आचार्य कराएंगे प्राण प्रतिष्ठा, मंदिर परिसर में बहेगी वेदों की ऊर्जा

अयोध्या और काशी से आमंत्रित किए गए 101 वैदिक आचार्य इस पूरे कार्यक्रम को विधिपूर्वक संपन्न कराएंगे। वैदिक मंत्रोच्चार से राम मंदिर का हर कोना गूंज उठेगा। आचार्य मंडल के वैदिक विधानों के बीच 11:25 बजे से 11:40 बजे के बीच अभिजीत मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। इस दौरान सिद्ध योग का संयोग भी बन रहा है, जिससे यह आयोजन और अधिक पुण्यदायी हो गया है।

रामदरबार में विराजेंगे श्रीराम, दर्शन कर सकेंगे भक्त

प्राण प्रतिष्ठा की पूर्णता के बाद राजा राम अपने दरबार में विराजमान होंगे। इसके साथ ही भक्तों को रामलला के साथ-साथ सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमानजी सहित पूरे रामदरबार के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। सभी विग्रहों को शास्त्र सम्मत आभूषण धारण कराए जाएंगे, पूजा-अर्चना और भोग के बाद आरती के साथ कार्यक्रम की पूर्णाहुति होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे मुख्य अतिथि, होगा भव्य स्वागत

इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। वे आज सुबह 10:30 बजे श्रीरामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे और 10:40 बजे हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे। वहां से श्रीरामजन्मभूमि परिसर पहुंचकर वे रामदरबार और अन्य छह मंदिरों में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सीएम योगी का पूरा कार्यक्रम तय, वृक्षारोपण और सरयू जयंती में भी लेंगे हिस्सा

सीएम योगी 2 बजे से 2:15 तक चौधरी चरण सिंह पार्क में वृक्षारोपण करेंगे। 2:15 से 2:45 तक राम कथा पार्क में नगर निगम अयोध्या के बोर्ड गठन के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद 2:55 तक वे सरयू जयंती महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और सरयू आरती में शामिल होंगे। अंत में 3:05 से 3:45 तक वे महंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज के 87वें जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे और 3:45 बजे अयोध्या से प्रस्थान करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, राम मंदिर परिसर में विशेष निगरानी

अयोध्या प्रशासन और श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। इससे पहले बुधवार को भारत की 21 पवित्र नदियों के जल से सभी देव विग्रहों का अभिषेक और परिसर भ्रमण कराया गया था।

रामनगरी में आध्यात्मिक उल्लास, श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह

गंगा दशहरा के पावन दिन अयोध्या में धार्मिक उत्सव का वातावरण है। श्रद्धालु राम दरबार के दिव्य दर्शन के लिए उमड़े हुए हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से यह आयोजन ऐतिहासिक माना जा रहा है। रामलला के साथ अब रामदरबार के दर्शन भी भक्तों के लिए संभव होंगे, जो पूरी दुनिया के हिंदू समाज के लिए एक भावनात्मक क्षण होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ