15 दिनों में जोड़ेंगे एक करोड़ हिंदुओं को, डेढ़ लाख गांवों तक पहुंचेगा विहिप का हितचिंतक अभियान




मछली शहर में बैठक में कृष्ण गोपाल प्रांत शह मंत्री ने दी जानकारी 

रिपोर्ट: इंद्रेश तिवारी

मछली शहर (जौनपुर): आगामी 6 नवंबर से प्रारंभ होने वाले पखवाड़े में विश्व हिंदू परिषद् देश के डेढ़ लाख गांवों तक पहुंच कर एक करोड़ से अधिक हिन्दूओं को जोड़ेगा। विहिप के प्रान्त सह मंत्री कृष्ण गोपाल ने बताया कि 2024 में विश्व हिन्दू परिषद् की स्थापना के साठ वर्ष पूर्ण हो जायेंगे इसके निमित्त षष्टि पूर्ती के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के इस देश व्यापी हितचिंतक अभियान को सर्वस्पर्शी बनाने हेतु 6 नवंबर से 20 नवंबर तक हम समाज के हर जाति मत पंथ संप्रदाय से संपर्क कर उन्हें हिन्दू समाज व राष्ट्र हित के कार्यों से जोड़ेंगे।

अभियान में विशेष वर्ग के लोगों को जोड़ने हेतु विशेष संपर्क भी किया जाएगा। इसके अन्तर्गत डॉक्टरों, इंजीनियरों, चार्डर्ड अकाउंटेंटों, वकील, पूर्व जजों, गायकों, अभिनेताओं, खिलाड़ियों इत्यादि यानी सभी तरह के सेलेब्रिटी को भी जोड़ेंगे।

विहिप प्रान्त सह  मंत्री ने कहा कि हितचिंतक अभियान की टोलियों का लक्ष्य भारत के एक लाख गांवों तक जाकर एक करोड़ हितचिंतक बनाने का है। इसके अंतर्गत लोगों को विहिप के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी जाएगी। 

हितचिंतक अभियान का उद्देश्य विहिप के विभिन्न आयामों के कार्यों का जन सेवार्थ विस्तार करना है। सेवा कार्यों से अधिकाधिक वंचित समाज को जोड़ना, नई पीढ़ी में सनातन संस्कारों का संचार करना, गौवंशों की रक्षा, सामाजिक समरसता, नारी सशक्तीकरण, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण व मठ-मंदिरों की सुव्यवस्था के साथ ही हिंदू समाज को संगठित करते हुए उसकी सुरक्षा के संकल्प का भाव जगाना भी अभियान का उद्देश्य है।  
 
विश्व हिंदू परिषद मतांतरण और लव जेहाद रोकने और घर वापसी के लिए किस तरह कटिबद्ध है, यह जानकारी भी अभियान के अंतर्गत दी जाएगी।  इस अवसर पर बालेंदु जी  विभाग संगठन मंत्री कदम राज जिला उपाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह आदि रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ