फैशन ब्लॉगर रितिका हत्याकांड: इंस्टाग्राम पर 40 हजार से ज्यादा फालोअर, मौत पर एक भी नहीं आया



आगरा। फैशन ब्लागर रितिका हत्याकांड के दो आरोपित चेतन व अनवर फरार हैं। पुलिस को अभी सिर्फ इतनी जानकारी मिली है कि चेतन टूंडला (फिरोजाबाद) का निवासी है। अनवर कहां रहता है यह उसे ही पता है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। चेतन के पास ही रितिका और आकाश के मोबाइल हैं। रितिका के 44.5 हजार फालोअर हैं लेकिन उसकी मौत पर एक भी नहीं आया। ताजनगरी फेस टू स्थित ओम श्री प्लेटिनम अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से फेंककर 30 वर्षीय रितिका सिंह की हत्या की गई थी। 

रितिका फ्लैट नंबर 404 में अपने फेसबुक फ्रेंड विपुल अग्रवाल के साथ रहती थीं। पति आकाश गौतम दो महिलाओं सहित पांच लोगों के साथ वहां पहुंचा था। पुलिस ने शनिवार को आकाश गौतम, काजल और कुसुमा को जेल भेजा था। दोनों महिलाओं को पैसों का लालच देकर आकाश अपने साथ लेकर आया था। पूछताछ में आकाश ने अपने फरार साथियों के नाम चेतन और अनवर बताए थे।

रितिका के पिता सुरेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस इस मामले में गहराई से जांच करे। आकाश के परिजनों ने उनकी बेटी को लव मैरिज के बाद बहुत सताया था। उन्हें भी इस बात की जानकारी होगी कि आकाश अपनी पत्नी की हत्या करने जा रहा है। वे भी साजिश में शामिल हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने घटना स्थल से हिरासत में लिए गए विपुल अग्रवाल को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया। पुलिस ने उसे हत्याकांड में मुख्य गवाह बनाया है। पुलिस ने उसके बयानों की वीडियो रिकार्डिंग भी की है। सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि पुलिस के पास हत्यारोपियों के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य हैं। 

पुलिस की पहली कोशिश फरार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी है। उसके बाद वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों के साथ चार्जशीट कोर्ट में पेश की जाएगी। इंस्टाग्राम पर रितिका के 44.5 हजार फालोअर हैं। रितिका जब भी कोई पोस्ट करतीं तारीफ करने वालों की लाइन लग जाती थी। उनके वीडियो को फालोअर हाथों हाथ लिया करते थे। सोशल मीडिया पर उनके हजारों प्रशंसक थे मगर उनकी वास्तविक जिंदगी से किसी को कोई मतलब नहीं था।

शनिवार दोपहर तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद रितिका शव परिजनों के सुपुर्द किया गया था। पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि ताजगंज स्थित विद्युत शवदाह गृह पर बेटी के शव का अंतिम संस्कार किया। सपने में भी नहीं सोचा था कि इकलौती बेटी को इस तरह विदा करेंगे। आकाश ने तो उनसे कन्यादान तक का हक छीन लिया था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ